270 पाव शराब और बाइक जब्त

भाटापारा। अवैध शराब परिवहन और विक्रय के दो मामलों में 270 बोतल शराब परिवहन करते, 5 आरोपियों को पकड़ा गया है। शराब परिवहन में उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है और आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यवाही की जा रही है। जिले में अवैध शराब परिवहन और विक्रय के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। एस एस पी दीपक झा और भाटापारा एसडीओपी सिद्धार्थ बघेल के निर्देश पर सिमगा और भाटापारा ग्रामीण थाना की कार्यवाही में बड़ी सफलता उस वक्त मिली, जब मध्यप्रदेश में बनी शराब परिवहन करते हुए सिमगा पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा। जबकि ग्रामीण थाना पुलिस ने शराब विक्रय के आरोप में दो आरोपियों को पकड़ा। इन सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

यहां 200 पौव्वा

सिमगा पुलिस ने सघन जांच के दौरान लिमतरा- तरपोंगा मार्ग के पास मोटरसाइकिल में जा रहे अरविंद बंजारे और बुधारू निषाद को उस वक्त पकड़ा, जब पुलिस को देख कर वे कुछ घबराते हुए नजर आए। पूछताछ के दौरान बाइक में प्लास्टिक की 3 बोरियां मिली। जांच में इसमें मध्यप्रदेश में बनी गोवा ब्रांड की 200 बोतल शराब का होना पाया गया। वैध कागजात नहीं मिलने पर बाइक और शराब जब्त कर ली गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यहां भी दो पकड़े गए

दूसरी कार्रवाई ग्रामीण थाना द्वारा की गई। सूचना पर ग्राम तरेंगा में छापा मारा गया। यहां अवैध शराब बिक्री करते हुए अमर यदु को पकड़ा गया। उसके पास से 34 पाव देशी शराब जब्त की गई। इसी ग्राम के अमन भारती को भी पकड़ा गया है। जांच के दौरान उसके पास से 36 पाव देशी शराब जब्त की गई। इन दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट 34/2 के तहत कार्रवाई की गई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।