46 दिन की होगी गर्मी की छुट्टी

भाटापारा। 7 नहीं 5 दिन का होगा शीतकालीन अवकाश। क्रिसमस की छुट्टी, अवकाश के ही दिनों में शामिल होगी। विभाग मुख्यालय ने इसकी जानकारी स्कूलों को भेज दी है।

कोरोना काल के दिनों के बाद शत-प्रतिशत क्षमता के साथ चल रही स्कूलों में 20 महीने बाद शीतकालीन अवकाश की घोषणा की जा चुकी है। बदलाव एक ही आया है कि जिन तारीखों में अवकाश होगा, उनके बीच क्रिसमस की तारीख भी है। इसलिए अलग से अवकाश का प्रावधान नहीं रखा गया है। बहरहाल सामान्य होती स्कूलों के संचालन के बीच इसे बेहतर कदम माना जा रहा है।

5 दिन का शीतकालीन अवकाश

लोक शिक्षण संचालनालय ने शीतकालीन अवकाश 24 दिसंबर से 28 दिसंबर तक घोषित किया है। इन तारीखों के बीच 25 दिसंबर को पड़ रहे क्रिसमस को इसमें ही शामिल कर लिया गया है। इसी तरह 26 दिसंबर को रविवार है, इसलिए ये तारीखें भी अवकाश के दिनों में शामिल होंगी।

विभाग ने भेजी जानकारी

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी स्कूलों को शीतकालीन अवकाश की तारीखों की सूचना भेज दी है। इसके साथ अवकाश के बाद स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां क्या होंगी ? इसकी भी सूचना भेजते हुए शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक स्कूल संचालन के निर्देश जारी कर दिए हैं।

शत-प्रतिशत उपस्थिति

कोरोना संक्रमण के मामले कम होने के बाद प्रदेश की स्कूलों में शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ कक्षाएं लगने लगी है। बच्चों के बीच अच्छा उत्साह भी देखा जा रहा है। लिहाजा शीतकालीन अवकाश की तारीखों की घोषणा, सामान्य होते दिनों का संकेत दे रहीं हैं।

46 दिन का ग्रीष्मकालीन अवकाश

लोक शिक्षण संचालनालय ने इसी के साथ ग्रीष्मकालीन अवकाश की भी घोषणा कर दी है। जिसके मुताबिक 1 मई 2022 से 15 जून 2022 तक 46 दिन गर्मी की छुट्टियां रहेंगी। इसे शैक्षणिक कैलेंडर में भी शामिल कर लिया गया है।