भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण का आदेश
कोंडागांव। खाद्य कारोबार संचालकों को अब तापमान मानकों का पालन भी कड़ाई के साथ करना होगा। जल्द खराब हो जाने वाली खाद्य सामग्रियों के परिवहन से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक तापमान बनाए रखने के निर्देशों का पालन नहीं होता देख भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने यह आदेश दिया है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने अपनी फौरी जांच में पाया है कि दूध, दूध उत्पाद जैसे खोवा और पनीर की संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला खामियों से भरी हुई है। केक और आइसक्रीम जैसी खूब बिकने वाली खाद्य सामग्रियों में भी ऐसी ही गलतियां की जा रहीं हैं। तापमान के निर्धारित मानक के पालन को लेकर की जा रहीं गलतियां सड़न या गलन जैसी हानिकारक स्थितियों की वजह बन सकती है। इसलिए प्राधिकरण ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
तापमान नियंत्रित परिवहन एवं भंडारण
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने जन स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य कारोबार संचालकों से कहा है कि जल्द खराब होने वाली खाद्य सामग्रियों का परिवहन नियंत्रित तापमान की स्थितियों में करें। इसके अलावा भंडारण की जगहों पर भी नियंत्रित तापमान मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। ऐसी वस्तुओं के परिवहन एवं भंडारण में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना होगा।

अंतिम उपभोक्ता तक…
प्राधिकरण ने जिन खाद्य एवं पेय पदार्थों की संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला को त्रुटिपूर्ण माना है उनमें दूध, पनीर, खोवा, केक, आइसक्रीम, मछली और मांसाहार जैसी सामग्रियां मुख्य हैं। प्राधिकरण ने कहा है कि यदि इन सामग्रियों को उचित तापमान में नहीं रखा गया तो, इनमें हानिकारक सूक्ष्मजीवों के पनपने एवं सड़ने का जोखिम बना रहता है। यह स्थिति अंतिम उपभोक्ता की सेहत को भारी नुकसान पहुंचा सकती है।
जांच और सख्त कार्रवाई के आदेश
प्राधिकरण ने राज्यों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को खाद्य पदार्थों के लिए बनाए गए तापमान नियंत्रित परिवहन और भंडारण के साथ विक्रय स्थल की सख्त जांच और कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि नियमों का पालन नहीं करने की स्थिति में संबंधित खाद्य सामग्री की जब्ती तथा नष्टीकरण के साथ उचित विधि कार्रवाई शुरू कर सकते हैं।

जांच अभियान बहुत जल्द
खाद्य एवं पेय पदार्थों की सुरक्षा के लिए तापमान नियंत्रित, परिवहन एवं भंडारण के मानकों का पालन बेहद अनिवार्य है। बहुत जल्द जांच अभियान की तैयारी कर रहे हैं।
-रोशन वर्मा, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, कोंडागांव