महासमुंद। निशाने पर आए खुले बिस्किट्स, खुले कुकीज और खुला टोस्ट। 9 सर्विलांस सैंपल लिए गए। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिठाइयों की सघन जांच की ही जा रही है लेकिन खाद्य एवं औषधि प्रशासन पहली बार परंपरागत खाद्य कारोबारी गतिविधियों से हटकर ऐसी सामग्री के निर्माण, भंडारण और विक्रय पर सख्त है, जिनका कारोबार पूरे साल होता है। लिहाजा हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

पहली बार बिस्किट्स, कुकीज और टोस्ट

खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस एन भोई की जांच टीम ने पहली बार खुले में बेचे जा रहे बिस्किट्स, कुकीज के साथ टोस्ट पर निशाना साधा। इसके अलावा आटा, देसी घी, सूजी, खाद्य तेल के सर्विलांस सैंपल लिए हैं। कलाकंद और पनीर का भी नमूना लिया गया है।

50 का परीक्षण

जांच के दौरान चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में शहर के विभिन्न होटलों और स्वीट काॅर्नरों से लिए गए 50 सैंपल का परीक्षण किया गया। जिसमें तीन खाद्य पदार्थ की रिपोर्ट अमानक मिली है। संबंधित खाद्य पदार्थ विक्रेता संस्थानों को अमानक खाद्य पदार्थ का विक्रय फौरन बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

सर्विलांस सैंपल की परीक्षण रिपोर्ट के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। जांच अभियान में निरंतरता बनी रहेगी।

  • उमेश वर्मा, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महासमुंद