इमली बीज डबल, पहुंचा 2800 से 3000 रुपए क्विंटल पर
निकली मांग स्टार्च बनाने वाली ईकाइयों की
बिलासपुर। उपभोक्ता राज्यों ने रुझान नहीं दिखाया। इसलिए इमली ठहरी हुई है। अलबत्ता स्टार्च बनाने वाली ईकाइयों की मांग से इमली बीज, रिकार्ड 2800 से 3000 रुपए क्विंटल की ऊंचाई पर पहुंच गया है। इसमें भाव 3200 से 3400 रुपए क्विंटल तक जाने की धारणा बन रही है।
सीजन में भी ठहरी रही इमली। अब सीजन विदा लेने की तैयारी में है। पहला साल है, जब इमली में मांग का अभाव इतना नीचे देखा गया। भंडारित वनोपज के लिए अब अगले सीजन तक प्रतीक्षा करनी होगी वनोपज कारोबारियों को। राहत इतनी ही है कि बीज की कीमत अच्छी मिल रही है। ऐसे में बीज बेचने वाला क्षेत्र बेहतर कारोबार की उम्मीद में है।

नहीं दिखाया रुझान
बस्तर, सरगुजा और गरियाबंद। गुणवत्ता के मानक को पूरा करती है यहाँ की इमली। पंजाब और दिल्ली जैसे उपभोक्ता राज्यों ने इस बरस छत्तीसगढ़ से इमली की खरीदी को लेकर विशेष रुझान नहीं दिखाया। फलस्वरूप बेहतर मांग की आस में संग्रहित इमली का बड़ा हिस्सा विक्रय से छूट गया है। अब इन्हें भंडारगृहों में भंडारित किए जाने का उपक्रम वनोपज कारोबारी कर रहे हैं। कीमत- बीज सहित- 3200 से 3300 रुपए क्विंटल। बीज रहित- 6000 से 6200 रुपए क्विंटल।

बीज दोगुना
इमली में खरीदी नहीं निकलती देख, वनोपज कारोबारियों ने इमली बीज की ओर ध्यान देना चालू कर दिया है। कपड़ा मिलों की मांग को देखते हुए स्टार्च पावडर बनाने वाली ईकाइयों ने इमली बीज की खरीदी छत्तीसगढ़ से चालू कर दी है। लेकिन मांग के अनुरूप उपलब्धता कमजोर होने से बीज की कीमत बीते साल की तुलना में लगभग दोगुनी हो चुकी है। अनुमान इसमें भी आगे जाने की है। कीमत- इमली बीज- 2800 से 3000 रुपए क्विंटल।

रिटेल शांत
लोकल और साप्ताहिक हाट बाजार में भी मांग बेहद कमजोर है। खटाई के विकल्प और भी हैं। इसलिए इमली में तेजी की संभावना नही के बराबर है। फिर भी बीज रहित इमली 60 रुपए और बीज सहित इमली 30 से 35 रुपए किलो पर स्थिर है। खुदरा बाजार के लिए कमजोर मांग इसलिए परेशानी भरी मानी जा रही है क्योंकि बारिश की वजह से नमी गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर डाल सकती है।

प्रतीक्षा करेंगे
इमली में मांग के दिन समाप्ति की ओर है। अलबत्ता बीज की मांग में आ रही बढ़ोतरी राहत देने वाली मानी जा रही है। मांग और आपूर्ति के बीच अंतर बढ़ने से बीज की कीमत आगे जाने की संभावना है।
–सुभाष अग्रवाल, एसपी इंडस्ट्रीज, रायपुर
