ऋण पुस्तिका बनाने किसान से मांग रहा था रिश्वत
बेमेतरा जिले के बेरला तहसील के हल्का नंबर 19 का मामला
बेमेतरा।जिले के बेरला तहसील के अन्तर्गत पटवारी हल्का नम्बर 19 ग्राम रांका के पटवारी शंकर लाल नेताम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध एक किसान से ऋण पुस्तिका बनने हेतु नगद राशि की मांग करने की शिकायत प्राप्त होने पर एसडीएम बेरला द्वारा संबंधित पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बेरला द्वारा संबंधित पटवारी को शो-काज नोटिश जारी किया गया था। पटवारी श्री नेताम द्वारा निर्धारित तिथि तक अपने पक्ष मे कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत नही किया गया है। निलंबन अवधि मे श्री नेताम का मुख्यालय तहसील कार्यालय बेरला नियत किया गया है। इस दौरान उन्हे जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
कलेक्टर भोसकर विलास संदीपान ने कहा है कि यदि कोई शासकीय कर्मचारी/अधिकारी यदि किसानों, ग्रामीणों एवं आम नागरिकों के काम करने मे हीलाहवाला करता है अथवा राशि की मांग करता है तो उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी है।
गौरतलब हो कि 12 जून को जिले के बेरला तहसील के अन्तर्गत पटवारी हल्का नम्बर 29 ग्राम बांसा के पटवारी युवराज साहू को निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध एक किसान द्वारा जमीन खरीदी-बिक्री की बिक्री नकल व सीमांकन के लिए अवैध रुप से राशि की मांग करने की शिकायत की गई थी। इसको गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बेरला द्वारा संबंधित पटवारी को शो-काज नोटिश जारी किया गया था। युवराज साहू द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण समाधान कारक नही होने के कारण उन्हे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि मे श्री साहू का मुख्यालय तहसील कार्यालय बेरला नियत किया गया है।


