बिलासपुर। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टक्कर लगने के बाद युवक दूर तक घिसटता चला गया। इसके बाद वाहन उसे कुचलकर भाग निकला। हादसा होते देख, लोग वहां एकत्र तो हो गए, लेकिन सिर्फ मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। इस दौरान तड़प कर युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाया। घटना सीपत थाना क्षेत्र की है।जानकारी के मुताबिक, जांजगीर के बलौदा निवासी विकास यादव 27 वर्ष पिता राजकुमार यादव किसी काम से बिलासपुर आया था। वह रविवार को बाइक पर घर लौट रहा था। अभी वह सीपत-गुड़ी के बीच लिम्हाई पारा में पहुंचा ही था कि किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विकास उछल कर नीचे गिरा और दूर तक घिसटता चला गया। आशंका है कि वह वाहन में फंस गया होगा। इसके बाद वाहन चालक उसे कुचलता हुआ भाग निकला।

हादसे के बाद लोग पहुचे तो युवक की सांसे चल रही थी
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद युवक जिंदा था और सड़क पर तड़प रहा था। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। किसी ने भी पुलिस को सूचना नहीं दी। इस दौरान उधर से जा रहे एक पत्रकार ने हादसा देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भिजवाया।