करें उपयोग ग्रीन नेट का
ताप सहनशील प्रजातियों की बोनी की सलाह
बिलासपुर। ऐसी सब्जी फसलों की ही बोनी करें, जिसमें ताप सहनशीलता क्षमता ज्यादा होती है। भाजी और कद्दूवर्गीय फसलों के लिए ग्रीन नेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करना होगा, अन्यथा यह खराब हो जाएंगीं। सब्जी वैज्ञानिकों ने यह अलर्ट सब्जी बाड़ियों के लिए जारी किया है क्योंकि न केवल तापमान बढ़ रहा है, बल्कि गर्म हवाएं भी चलने लगीं हैं।
बढ़ता तापमान सब्जी फसलों के लिए बेहद खतरनाक माना जा रहा है। ऊपर से दिन भर चलती गर्म हवाएं, फूल ही नहीं, फलों के लिए भी नुकसानदेह साबित हो रहीं हैं। तापमान पर नजर रखते हुए सब्जी वैज्ञानिकों ने फसल चयन में बेहद सावधानी रखने की सलाह जारी की है। कहा गया है कि सब्जी फसलों में ऐसी प्रजाति का चयन करें, जिनमें तापरोधी गुण होते हैं। छोटी सी भी गलती बड़े नुकसान की वजह बन सकती है।

भाजी फसलों में यह
भाजी फसलों में केवल पालक, चौलाई, चेंच और धनिया को ही उपयुक्त माना जा रहा है। दूसरी अन्य प्रजातियां यदि बोई गई, तो नष्ट होने की प्रबल आशंका है। लिहाजा भाजी में भी ऐसी प्रजाति की बोनी करनी होगी, जिनमें ताप सहनशीलता की क्षमता ज्यादा होती है। पालक की पत्तियां किनारे से कटने लगेंगी। उपाय हैं, फिर भी सावधानी बेहद अनिवार्य है।

कद्दूवर्गीय फसलों में भी सतर्कता
गोभी की तीनों प्रजातियां और बेलवर्गीय फसलों में करेला, लौकी, तुरई, कुम्हड़ा जैसी फसलों पर भी तेज धूप और गर्म हवाएं बढ़वार पर असर डालेंगी। लिहाजा इन्हें छायादार जगह पर लगाए जाने की व्यवस्था करनी होगी क्योंकि इनमें से अधिकतर में तापरोधी सहनशीलता के गुण कम ही होते हैं। इसलिए इनकी बोनी के पूर्व सावधानी आवश्यक होगी।

करें ग्रीन नेट का उपयोग
सब्जी की खेती करने वाले किसानों से कहा गया है कि तापरोधी सब्जी फसलों के चयन के साथ, स्थल चयन भी अहम है। ऐसी जगह बोनी करें, जहां छाया मिलती हो। नहीं मिलने की स्थिति में ग्रीन नेट लगाएं ताकि तेज धूप और गर्म हवाओं से सब्जी फसलों को सुरक्षित रखा जा सके। किचन गार्डन में भी यही व्यवस्था करनी होगी।
तापरोधी फसलों की ही करें बोनी
तापमान का स्तर जैसा बना हुआ है, उसे देखते हुए सब्जी किसान ऐसी फसलों की बोनी करें, जिनमें तापमान सहन करने की क्षमता अच्छी होती है। ग्रीन नेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।
-डॉ अमित दीक्षित, डीन, महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, सांकरा, दुर्ग
