बढ़ गए हैं मूर्ति निर्माण सामग्री के दाम

भाटापारा। श्री गणेश उत्सव 14 सितंबर से। 11 अक्टूबर से नवरात्रि लेकिन इन दोनों उत्सवों पर प्रतिमा स्थापना के लिए बीते साल की तुलना में इस बरस न्यौछावरी कुछ ज्यादा देनी होगी क्योंकि प्रतिमा निर्माण सामग्रियों की कीमतों में असामान्य वृद्धि हो चुकी है।

फ्रेम का काम समाप्त कर लेने के बाद अब पैरा बंधाई का काम कर रहे मूर्तिकार तिलकराम वर्मा निर्माण सामग्री की कीमतों में आई तेजी का असर तैयार प्रतिमाओं की न्यौछावरी पर पड़ने से इंकार नहीं करते लेकिन भरोसा है भक्तों पर कि नई दर सहर्ष स्वीकार करेंगे।

अब 30 से 35 रुपए किलो

फ्रेम के लिए जरूरी लकड़ियों की दरें तो फिलहाल स्थिर हैं लेकिन प्रतिमा निर्माण के लिए जरूरी उच्च गुणवत्ता वाली मिट्टी में किलो पीछे पांच रुपए की तेजी आ चुकी है। सामान्य गुणवत्ता वाली मिट्टी अब 30 रुपए किलो हो चुकी है। उच्च गुणवत्ता वाली मिट्टी पांच रुपए की तेजी के बाद अब 35 रुपए किलो पर जा पहुंची है। दोनों क्वालिटी की मिट्टी में आगे के दिनों में और तेजी आने की आशंका इसलिए बनी हुई है क्योंकि दीप पर्व के लिए दीए बनाने वाले कुम्हारों की मांग निकलेगी।

पैरा में तूफान

बीते गणेशोत्सव और नवरात्रि पर मूर्तिकारों ने पैरा की खरीदी 2500 रुपए ट्राॅली पर की थी। इसमें 500 रुपए की बढ़त आ चुकी है।नई दर 3000 रुपए प्रति ट्राॅली इसलिए स्वीकार कर ली जा रही है क्योंकि बारिश के लगते ही इसे ढेर से निकाल पाना संभव नहीं होगा। तेजी की धारणा को देखते हुए श्री गणेशोत्सव और नवरात्रि के लिए पैरा की खरीदी एक साथ की जाने लगी है।

कलर और पोशाक भी महंगे

फाइनल टच देने के पूर्व कलर और पोशाक की खरीदी पर क्रमशः 7 और 10% की बढ़ोतरी मंजूर कर रहे मूर्तिकार इसलिए गणेश उत्सव और नवरात्रि के लिए एक साथ खरीदी कर रहे हैं क्योंकि डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी असर परिवहन में पर भी पड़ चुका है। तेजी के आशंका इन दोनों में इसलिए भी है क्योंकि मांग आने वाले दिनों में निश्चित ही बढ़ेगी।