कृषि विकास विभाग ने जारी की अधिसूचना

भाटापारा। कोड़ापार में बनेगी नई उप मंडी। कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है।

बदलेगी तस्वीर। नए कलेवर में नजर आएगी कृषि उपज मंडी। राज्य सरकार ने भाटापारा कृषि उपज मंडी के अधीन जिले की पहली उप मंडी के लिए मंजूरी दे दी है। खोखली- राजाढार मार्ग पर स्थित ग्राम कोड़ापार में यह उप मंडी आकार लेगी। इसके अलावा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चार अन्य ग्राम की भूमि का भी उपयोग किया जाएगा। इसकी भी जानकारी, जारी अधिसूचना में दी गई है।

इसलिए उप मंडी

बढ़ता खेती का रकबा। लगती नई खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां। बढ़ता अंतरप्रांतीय कारोबार। इन सभी ने मिलकर मंडी की पहचान को जैसा विस्तार दिया है, उससे पड़ोसी जिलों से भी कृषि उपज की आवक साल-दर-साल बढ़ रही है। फलतः सरकार ने उप मंडी स्थापना के आदेश दे दिए है।

पांच गांव

भाटापारा कृषि उपज मंडी के अधीन काम करने वाली नई उप मंडी के लिए ग्राम कोड़ापार, सेमरिया, बीजाभाट, मुढ़ीपार और ग्राम खोखली की भूमि ली जा चुकी है। योजना के अनुसार नई उप मंडी 14.180 हेक्टेयर के विशाल भू-भाग में आकार लेगी।

होगा यह लाभ

उप मंडी के अस्तित्व में आने के बाद मुख्य कृषि उपज मंडी पर सीजन के दिनों में आवक का दबाव कम होगा। प्रांगण में जाम की वजह से होने वाली परेशानियों से बचा जा सकेगा क्योंकि किसानों के पास विकल्प के रूप में उप मंडी होगी।


सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए उप मंडी बनाई जाएगी। आकार लेने में कम से कम 2 साल का समय लगना स्वाभाविक है। इस बीच संबंधित पक्षों से भी राय ली जाएगी।
– सुशील शर्मा, अध्यक्ष, कृषि उपज मंडी, भाटापारा