राष्ट्रीय एकता दिवस पर अधिकारी-कर्मचारियों को शपथ दिलाई


देवेन्द्र कुमार जैन


भोपाल. राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राजभवन के बैंक्वेट हॉल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के तैल-चित्र का अनावरण किया। इसके साथ ही राजभवन के सांदीपनि सभागार में स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित की। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राजभवन के अधिकारी-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाकर सत्यनिष्ठा के साथ सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता से संभव हुई राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने, एकता की भावना को देशवासियों में प्रसारित करने और आंतरिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने में सत्यनिष्ठा से योगदान देने के लिए संकल्पित कराया। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा मौजूद थे।