रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों को दिलायी गई शपथ
देवेन्द्र कुमार जैन
भोपाल। भारतीय रेलवे की “एक विकसित राष्ट्र के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत” की थीम पर सतर्कता जागरुकता सप्ताह शुरू हुई। इस मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों को इमानदारी के साथ दायित्व निर्वहन करने की शपथ ग्रहण दिलाई गई।
केंद्रीय सतर्कता आयोग ने इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह के लिए “एक विकसित राष्ट्र के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत” की थीम दी है। रेलवे बोर्ड में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत विशेष समारोह का आयोजन किया गया । इसमें एस.के. मोहंती , सदस्य संचालन और व्यवसाय विकास, रेलवे बोर्ड ने कर्मचारियों और अधिकारियों की शपथ दिलाई । इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रीय रेलवे मुख्यालयों और भारतीय रेलवे के अन्य महत्वपूर्ण कार्यालयों में समारोह आयोजित कर शपथ दिलाई गई। शपथ का उद्देश्य अधिकारियों की उनकी गतिविधियों के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी और पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार से सख्ती से लड़ने की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना है। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान रेलवे की क्षेत्रीय इकाइयों द्वारा भ्रष्टाचार विरोधी विषय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
