मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पहुंची पुलिस
खुदकुशी या फिर हत्या, जांच में जुटी रतनपुर पुलिस
रतनपुर। लापता युवती की पतासाजी करते मोबाईल लोकशन पर पहुंची पुलिस को जंगल में पेड़ पर फांसी के फंदे में लटकी मिली दो लाश। मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है. मौत के कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा।
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले की निवासी किशोरी 29 सितम्बर से लापता थी। पतासाजी करने पर भी कहीं जानकारी नहीं होने पर पिता ने अपहरण का अपराध पेंड्रा थाने में 30 सितंबर को दर्ज कराया था। पुलिस ने अपराध दर्ज कर किशोरी का मोबाइल लोकेशन का पता लगाया तो उसके
रतनपुर थाना क्षेत्र के पोड़ी के जंगल में होने का सुराग पुलिस के हाथ लगा। शुक्रवार को देर रात तक पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर पोड़ी के जंगल में खोज अभियान चलाया। देर रात पुलिस को जंगल में पेड़ पर एक साथ फांसी के फंदे पर लटकती किशोरी और युवक की लाश मिली. घटना स्थल के पास ही बाइक क्रमांक सीजी 10 एपी 7347 भी मिला है। मर्ग कायम कर पुलिस ने पंचनामा कर लाश को पेड़ से नीचे उतरवाया। इसकी सूचना किशोरी के परिजनों को भी दी गई। मौके पर मिली बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस युवक के लाश की शिनाख्तगी में जुटी है। मामला हत्या या आत्महत्या ये पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
