चकरभाठा थाना क्षेत्र का का मामला
महिला का आरोप फार्म हाउस में ले जाकर चाकू दिखाकर किया इज्जत तार-तार
बिलासपुर। बिल्डर ने महिला को काम का झांसा देकर फार्म हाउस में ले जाकर चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया। घटना से डरी महिला अपने घर लौट गई। घटना की जानकारी पति को देकर चकरभाठा थाने पहुंची। जहां पुलिस ने जांच की बात कहकर लौटा दिया। महिला ने इसकी शिकायत आइजी से की। आइजी के निर्देश पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
कोटा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय महिला ने शिकायत में बताया तीन महीने पहले वह काम की तलाश में शहर आई थी। इस दौरान उसका परिचय बिल्डर और सब्जी व्यवसायी महेश अग्रवाल से हुआ। महेश ने उसे काम दिलाने की बात कही। महिला तीन अप्रैल की सुबह महेश के महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित घर पहुंची। यहां से महिला को लेकर महेश चकरभाठा क्षेत्र के धमनी स्थित अपने फार्म हाउस गया। महिला का आरोप है कि आरोपी महेश ने चाकू की नोक पर धमकाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। घटना से डरी महिला अपने घर लौट गई। उसने इसकी जानकारी पति को भी नही दी। बाद में महिला ने हिम्मत कर इसकी जानकारी पति को दी। इसके बाद उसने चकरभाठा थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस ने मामले की जांच की बात कहकर उसे लौटा दिया। महिला ने इसकी शिकायत आइजी रतनलाल डांगी से की। आइजी के निर्देश पर चकरभाठा पुलिस ने मामले में जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।