खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई

महासमुंद। युवराज और बिसेन को इम्प्रुवमेंट नोटिस। श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज में विक्रय के लिए तैयार पानी पाउच और पानी बाॅटल खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सील कर दी। इन तीनों संस्थानों से लिए सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

औचक जांच पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर यूनिटों की। नियमों के अनुपालन को लेकर दो इकाइयां खासी लापरवाही बरतती हुईं मिलीं। मौके पर ही दोनों को इम्प्रुवमेंट नोटिस जारी किया गया। हलचल इसलिए क्योंकि इससे पहले कभी इतनी सख्ती नहीं दिखाई थी खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने।

इम्प्रुवमेंट नोटिस इनको

ग्राम लभूराखुर्द में संचालित मेसर्स युवराज ब्रेवरेजेस ड्रिंकिंग वाटर का कारोबार जारी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस एन भोई ने, ना केवल ड्रिंकिंग वाटर का विधिक नमूना लिया बल्कि इंप्रूवमेंट नोटिस भी जारी की। ग्राम बेलसोंडा में चल रही मेसर्स बिसेन फूड्स के पूरे परिसर में नियमों का परिपालन होना नहीं पाया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती रोशनी राजपूत ने लिटिल व्हाइट वेनिला के सैंपल लिए हैं। बिसेन को भी इंप्रूवमेंट नोटिस जारी की गई है।

इसलिए पानी पाउच और बाॅटल सीज़

श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज ग्राम किसडी, सरायपाली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस एन भोई की सूक्ष्म जांच में जो खुलासा हुआ, उससे हैरत में आ गई जांच टीम। तैयार पानी पाउच सहित 250 मिलीलीटर, 500 मिलीलीटर और 1 लीटर की बाॅटल की जांच में बैच नंबर, उत्पादन तिथि और अवसान की तारीख नहीं मिली। प्रथम दृष्टि में इस मिथ्या छाप के तहत माना जाकर सैंपल लिए गए साथ ही 98 बोरी पानी पाउच और 5814 पानी की बाॅटल सीज़ कर ली गई ।

सैंपल रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

तीन संस्थानों की जांच में खामियां मिलीं हैं। इसलिए इंप्रूवमेंट नोटिस, सैंपलिंग और सीज़ की कार्रवाई की गई है। लैब रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उमेश वर्मा, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महासमुंद