राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में होगी जांच
कोंडागांव। संदेहास्पद थी गुणवत्ता नूडल्स और चावल की। इसलिए सैंपल लिए जाकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। हिदायत दी गई है कि खान-पान की सामग्रियों के विक्रय के पूर्व खाद्य सुरक्षा मानक का ध्यान रखें अन्यथा विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
चालू माह ऐसे खाद्य एवं पेय पदार्थ के निर्माण और विक्रय करने वाली संस्थानों पर भारी पड़ रहा है, जो खाद्य सुरक्षा मानक के पालन को लेकर गंभीर नहीं हैं। होली पर्व के पखवाड़े भर के भीतर ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच टीम ने न केवल सक्रियता दिखाई है बल्कि सैंपल भी लिया है। लिहाजा अब सतर्क होती नजर आ रही है संस्थानें।
इसलिए निशाने पर लक्ष्मी
शहर की जानी-मानी लक्ष्मी प्रोविजन नजर में थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार नंद के नेतृत्व में पहुंची जांच टीम ने सूक्ष्मता के साथ जब मुआयना किया, तो विक्रय किये जा रहे नूडल्स और चावल की गुणवत्ता संदेहास्पद मिली। इसलिए इन दोनों के सैंपल लिए जाकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पखवाड़े भर के भीतर दूसरी जांच
खाद्य एवं औषधि प्रशासन इसके पूर्व दो मार्च को रिकॉर्ड आधा दर्जन संस्थानों की सख्त जांच करते हुए 15 खाद्य पदार्थों के सैंपल ले चुका है। जो संस्थानें जांच के घेरे में आईं उनमें सुनीता होटल, मिस्टी होटल, संगम होटल, साहू होटल, मीठी ट्रेडर्स और सोम किराना स्टोर जैसे बड़े नाम वाले संस्थान हैं। यहां से लिए गए सूजी, आटा, बेसन, सोयाबीन तेल और नमकीन के सैंपल के परीक्षण रिपोर्ट की प्रतीक्षा खाद्य एवं औषधि प्रशासन कर रहा है।
निर्देश विशेष सतर्कता के
नवरात्रि का पर्व चालू हो चुका है। इसलिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य एवं पेय पदार्थ निर्माण व विक्रय करने वाली संस्थानों को खान-पान की सामग्री की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन गंभीरता के साथ करने की हिदायत दी है। कहा गया है कि जांच के दौरान ऐसी लापरवाही नजर आने पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा मानक का पालन अनिवार्य
जिन संस्थानों की जांच की गई है वहां सुरक्षा मानक का पालन होता नहीं मिला। इसलिए जांच के लिए सैंपल भेजे गए हैं। परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
- रोशन वर्मा, अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन, कोंडागांव
