चार दिवसीय अंतर महाविद्यालयीन युवा महोत्सव मड़ई 2024 का रंगा-रंग समापन
रायपुर । छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति समृव्द्ध है। कृषि विश्वविद्यालय के ये कलाकार राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान प्राप्त करेंगे और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे। यह बात मुख्य अतिथि कृषि एवं आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कही।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में आयोजित चार दिवसीय अंतर महाविद्यालयीन सांस्कृतिक युवा महोत्सव मड़ई 2024 का रंगा-रंग समापन हुआ। समारोह की अध्यक्षता कर रहे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा मड़ई 2024 में विद्यार्थियों ने अपनी कलाओं का बेहतरीन प्रदर्शन किया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने मड़ई के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम की जानकारी दी। डॉ बी.पी. कतलम ने आभार व्यक्त किया।

रायपुर ओवर ऑल चैम्पियन
प्रतियोगिताओं विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। ओवर ऑल चैम्पियन कृषि महाविद्यालय रायपुर को घोषित किया गया। कृषि महाविद्यालय राजनांदगांव मड़ई 2024 का ओवर ऑल रनरअप रहा। शोभा यात्रा झांकियों में कृषि महाविद्यालय प्रतापपुर को प्रथम व कृषि महाविद्यालय नारायणपुर को व्दितीय स्थान प्राप्त हुआ। संगीत स्पर्धाओं में रायपुर विजेता व कृषि महाविद्यालय कवर्धा उप विजेता रहे। नृत्य प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय रायपुर विजेता व कृषि महाविद्यालय जगदलपुर उप विजेता रहे। विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायकों, टीम मैनेजर्स व आयोजन समितियों को अध्यक्षों व सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

25 विधाओं की हुई प्रतियोगिताएं
उल्लेखनीय है कि इस चार दिवसीय अंतर महाविद्यालयीन युवा महोत्सव ‘‘मड़ई-2024’’ में विभिन्न विधाओं की 25 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें एकल अभिनय, तात्कालिक भाषण, ऑन दी स्पॉट पेंटिंग, एकांकी, समूह गायन, कोलाज मेकिंग, मिमिक्री, भाषण, कार्टूनिंग, एकांकी, समूह गायन (भारतीय), लोक एवं आदिवासी नृत्य, पाश्चात्य समूह गीत, मूक अभिनय, भाषण, लघु नाटिका, वाद-विवाद, रंगोली, पोस्टर मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, डिजिटल फोटोग्राफी, एकांकी, मेहंदी, देश भक्ति गीत गायन, पश्चिमी एकल गीत गायन प्रस्तुत किया गया।
