एक पेड़ माँ के नाम अभियान

बिलासपुर। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना बालक एवं बालिका इकाई, जिला प्रशासन व नगर पालिक निगम, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में वृहद पौधरोपण कार्य किया गया।

अधिष्ठाता डॉ. आर.के.एस. तिवारी ने कहा इस अभियान के तहत हर व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस विचार के पीछे एक गहरा भावनात्मक संबंध है जो माँ के अनमोल योगदान का प्रतीक है। जीवन में माँ का रिश्ता सबसे पवित्र होता है। माँ के लिए इससे बड़ा सम्मान और कुछ नहीं हो सकता। माँ के सम्मान में आज हम सब एक पौधा लगा रहे हैं। धरती भी हमारी माँ है, तथा पेड़-पौधे उसका श्रृंगार है। विकास की अंधाधुंध दौड़ में हमने अपने पर्यावरण की अनदेखी की है, जिसका परिणाम विभिन्न पर्यावरणीय समस्याओं के रूप में हमारे सामने है । पर्यावरण को बचाने के लिए सभी को स्वयं आगे बढ़कर पौधे लगाना चाहिए। हम सभी के जीवन की रक्षा के लिए पेड़ों का होना बहुत आवश्यक है।

उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम अभियान में जुड़कर सभी जगह पेड़ लगाने के लिए आह्वान किया तथा साथ ही पेड़-पौधों की सुरक्षा का संकल्प भी दिया। परिसर में आम, नीम, जामुन, संतरा, अमरूद, नींबू एवं साजा के पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में महाविद्यालय परिसर में पौधों का रोपण किया।