कृषि कालेज में हर्षोल्लास से मनाई गई आजादी की 76 वीं वर्षगांठ


बिलासपुर। 77 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. आर.के. एस. तिवारी ने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में ध्वजारोहण कर छात्र -छात्राओं, प्राध्यापक, वैज्ञानिक, कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस का महत्व बताया।

डॉ. तिवारी ने कहा कि “आजादी के अमृत महोत्सव” के एक भाग के रूप में इस वर्ष के उत्सव का विषय “राष्ट्र पहले, हमेशा पहले” है। जो आजादी हमें मिली है, इसमें सभी धर्मो, समूह, वर्गों ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से कुर्बानी दी है। कुछ देशभक्त ऐसे भी हुए है जिन्होंने अपना सर्वस्व निछावर कर दिया। आज हम स्वतंत्रता के महत्व को समझें।

डॉक्टर तिवारी ने कहा कि आज हम हर क्षेत्र चाहे वह शिक्षा हो, खाद्यान्न उत्पादन का या नवीन तकनीकी का हो सब में निरंतर प्रगति कर रहे हैं। आज का दिन संकल्प का दिन है, जिसके लिए सभी को संकल्पित होकर देश के विकास का मार्ग प्रशस्त करना होगा। देश में हरित क्रांति लाकर हम सबको भोजन देने में सफल हुए हैं, श्वेत क्रांति के द्वारा दुग्ध उत्पादन में आगे आए हैं, वही नील क्रांति के जरिए मत्स्य उत्पादन में आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। हमारी सोच और कार्य हर क्षेत्र में सकारात्मक हो ऐसी सोच और जज्बा जनचेतना जागृत कर हमें देश के नागरिकों में लाना होगा।

पंच प्रण की प्रतिज्ञा

इससे पूर्व डॉ. तिवारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया l डॉ. तिवारी ने देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करने हेतु समस्त प्राध्यापक, वैज्ञानिक, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को “पंच प्रण की प्रतिज्ञा” दिलाई l

देश का अतीत गौरवशाली

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. नारायण साहू, प्रभारी अधिष्ठाता, एम.बी.डी. उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने कहा आजादी के बाद पिछले 77 वर्षों में हमारे देश भारत का अतीत गौरवशाली रहा है। हम निरंतर उन्नति, विकास और प्रगति की ओर बढ़ रहे हैं l भारत विश्व स्तर पर अपनी जगह बनाने में सक्षम हुआ है और इसमें हर भारतीय का योगदान है।

प्रेरणादायक गीत की प्रस्तुति

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देश भक्ति से ओतप्रोत प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया l छात्र शिवम सोनी, कु. मनीषा आर्मो एवं साहिल विश्वकर्मा ने अपनी प्रस्तुति से देशभक्ति पूर्ण माहौल बना दिया l चोरभट्टी स्थित राज्य जैव नियंत्रण प्रयोगशाला में भी ध्वजारोहण किया गया l आज के कार्यक्रम का सफल संचालन वैज्ञानिक अजीत विलियम्स ने कियाकिया।

यह रहे उपस्थित

आज के कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. एन. के. चौरे, एस.के. वर्मा, अजय टेगर, अर्चना केरकट्टा, रोशन परिहार, संतोष चंद्राकर, कमलेंद्र नामदेव, धजाराम कश्यप, गोरेलाल थवाइत, अमजद खान एवं पवन कुमार कौशिक का सराहनीय सहयोग रहा l इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर के प्राध्यापक, वैज्ञानिक गण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं मजदूर भाई उपस्थित थे।