न स्कंध पंजी, न मूल्य सूची का प्रदर्शन



बलौदा बाजार । देव कृषि केंद्र और कसडोल डिजिटल फॉर्मर प्रोड्यूसर लिमिटेड उर्वरक विक्रय केंद्र। यह दो संस्थानें सील कर दी गईं। साथ ही दोनों को कारण बताओ नोटिस भी जारी की गई है।

स्कंध पंजी का संधारण नहीं किया जाना, अभी भी जारी है। कृषि आदान सामग्री के विक्रय के बाद बिल नहीं दिए जाने की शिकायतें भी बढ़ते क्रम पर हैं। लिहाजा अब कृषि विभाग, ताला लगाने की सख्त कार्रवाई कर रहा है। सूक्ष्मता के साथ जांच में एक बात पक्के तौर पर देखी जा रही है कि शहरों की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्र की संस्थानें ज्यादा लापरवाही दिखा रहीं हैं।

देव में लगाया ताला

देव कृषि सेवा केंद्र, ग्राम सर्वा, विकासखंड कसडोल। कीटनाशक निरीक्षक धनेश्वर साय ने सबसे पहले स्कंध पंजी की जांच की। नहीं मिला संधारित किया जाना। मूल्य सूची का प्रदर्शन भी नहीं मिला। स्टॉक पंजी नियमित नहीं थी।कीटनाशक विक्रय के बाद क्रेता किसान को बिल भी नहीं दिया जा रहा था। कारण बताओ नोटिस के बाद संस्थान सील कर दी गई।

भौतिक सत्यापन में मिली गड़बड़ी

ग्राम सर्वा में ही है, कसडोल डिजिटल फॉर्मर प्रोड्यूसर लिमिटेड उर्वरक केंद्र। स्कंध पंजी का संधारण नहीं होना और मूल्य सूची का प्रदर्शन नहीं किया जाना, जैसी गलती यहां भी मिली। पहली बार पॉस मशीन की स्कंध पंजी और भौतिक स्वरूप में उपलब्ध पंजी की जब जांच की गई तो मिलान नहीं होना पाया गया। उर्वरक का भंडारण नियत स्थल की जगह अन्यत्र मिला। जांच अधिकारी ने इसे गंभीर गलती मानते हुए कारण बताओ नोटिस के साथ संस्थान सील कर दी।