खडगवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत गढ़तर के मौहारीपारा रोड स्थित लोहरिया नदी के पास की घटना

बैकुंठपुर। छुई खदान धंसक गया, इसमें दबकर तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी शवों को बाहर निकाल लिया है।


एमसीबी मनेद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खडगवां विकासखंड के ग्राम पंचायत गढ़तर के मौहारीपारा रोड स्थित लोहरिया नदी के पास छुई का खदान है। छुई का उपयोग कमजोर आय वर्ग के ग्रामीण घरों की पोताई के लिए करते हैं। ग्रामीण अवैध खनन कर छुई निकालते रहते हैं। बुधवार को भी आसपास के ग्रामीण छुई लेने के लिए गए थे। शाम करीब 6 बजे अचानक छुई खदान धसक गई। इसमें तीन महिला समेत चार लोग नीचे दब गए। वहां मौजूद अन्य ग्रामीणों के शोर मचाने पर गांव के काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पर खडगवां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से छुई के मलबे को हटाकर कर शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों के नाम मीराबाई ग्राम गढ़तर, मानमती ग्राम गढ़तर, पूजा पिता रनसिंह गोंड़ ग्राम पोटेडांड़ व राम सुंदर पिता रामदास ग्राम पोटेडांड़ बताए गए हैं।