कार में जल कर तीन लोगों के राख होने जाने का मामला

रतनपुर थाना क्षेत्र के एनएच 45 पर पोड़ी पेट्रोल पंप के पास हुई है दुर्घटना


रतनपुर. छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले में रतनपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर केंदा रोड पर पोड़ी पेट्रोल के करीब तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई. इस घटना के बाद कार में आग लग गई. इसमें सवार तीन लोगों के जिंदा जल कर मौत हो जाने की पुष्टि हो गई है. घटना मध्य रात्रि की है. मृतकों में एक युवती और दो युवक थे. जो बिलासपुर के निवासी थे. अपराध दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
शनिवार रविवार की दरमियानी रात रतनपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर केंदा रोड पर पोड़ी पेट्रोल के करीब तेज रफ्तार कार क्रमांक सीजी 10 बीडी 7861 पेड़ से टकरा गई. जबरदस्त टक्कर के बाद कार में आग लग जाने की संभावना जताई जा रही है. आग लगने के बाद कार में जोरदार धमाका हुआ. धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के घरों के लोग मौके पर पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जोरदार धमाका की आवाज सुनकर मौके पर पहुँचने पर कार पर आग की तेज लपटे उठ रही थी.

वहां से गुजर रहे लोगों ने कार में धधक कर उठ रही आग के लपटों की वीडियो भी बनाई. जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इसके बाद भी रतनपुर थाना से महज दस मिनट की पहुँच पर एन एच 45 में हुई इस घटना तक पुलिस के जवान नहीं पहुंच सके. सुबह नौ बजे हमारी टीम मौके पर पहुँची. दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा के लिए पुलिस के दो सिपाही तैनात थे. मौके पर बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में तीखी नाराजगी थी. उनके गुस्से का शिकार मौके पर तैनात सिपाही हो रहे थे. रतनपुर थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा भी सुबह दस बजे पहुंचे.

जांच के लिए पहुंची फोरेंसिक टीम
पुलिस ने घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी सूचित किया गया. मौके पर पहुँची फोरेंसिक टीम ने जली कार के अवशेष से साक्ष्य जमा किया. कार्यपालिक दंडाधिकारी शिल्पा भगत भी मौके पर पहुँची.

मृतक समीर और अभिषेक

अवशेष में मिले सामानों से मृतकों की हुई पुष्टि
मृतकों में शहनवाज उर्फ समीर खान तोरवा बिलासपुर, अभिषेक कुर्रे रिंग रोड बिलासपुर व आशिका मनहर कोरबा निवासी के रुप में की गई। आशिका बिलासपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वहीं एक अन्य युवती के भी साथ होने की बात कही जा रही है. जिसका मोबाईल बंद बता रहा है. जली कार से बरामद चैन और कड़ा से समीर,  गले की चैन से आशिका मनहर व कुछ अन्य सामान से अभिषेक कुर्रे की पहचान की गई है।

आधी रात को निकले थे रिसार्ट जाने

सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कार में सवार होकर समीर, अभिषेक और आशिका श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित एमीगोज बार से रात को एक रिसार्ट जाने के लिए रवाना हुए थे। कार में सवार युवक समीर, अभिषेक और युवती आशिका के अवशेष मिले हैं. कार में एक अन्य युवती के भी सवार होने की बात कही जा रही है. उसकी पतासाजी में भी पुलिस है.   

क्रमशः… बताएंगे कहां थे थाना प्रभारी… बचाने की नहीं हुई कोशिश… घंटों बाद क्यों पहुंची पुलिस…