उत्तर क्षेत्रीय अंतर कृषि महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2022 का समापन

राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय अंबिकापुर ओवरऑल चैंपियन

बिलासपुर। विद्यार्थी काल जीवन निर्माण का समय होता है । इस समय मनुष्य को भावी जीवन के लिए स्वयं को तैयार करना होता है। सफल और सुखद भविष्य के लिए मनुष्य का स्वस्थ, शिक्षित, गुणवान और चरित्रवान होना आवश्यक है। छात्रावस्था उसको अर्जित करने का अवसर होता है। यह बात मुख्य अतिथि अटल श्रीवास्तव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल छत्तीसगढ़ शासन रायपुर ने कही।


इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर एवं बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में उत्तर क्षेत्रीय अंतर कृषि महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2022 हुआ। चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता के बालक वर्ग में बेस्ट एथलीट का अवार्ड कृषि महाविद्यालय अंबिकापुर के छात्र रविंद्र कुमार सिंह एवं बालिका वर्ग में कृषि विश्वविद्यालय बिलासपुर की छात्रा दीप्ति बघेल को प्रदान किया गया l टूर्नामेंट के बेस्ट प्लेयर का अवार्ड कृषि महाविद्यालय बिलासपुर के छात्र अमित कुमार प्रधान को प्रदान किया गया। ओरल ऑल रनर अप की ट्रॉफी बीटीसी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर को प्राप्त हुई। प्रतियोगिता के ओवरऑल विनर की ट्रॉफी में आरएमडी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंबिकापुर ने कब्जा किया।

        पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि श्रीवास्तव ने कहा खेल से मनुष्य में संघर्ष करने की आदत बनती है। जीवन की जय-पराजय को आनंद पूर्ण ढंग से लेने की महत्वपूर्ण आदत खेल खेलने से ही बनती है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि व अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

डॉ. आर.के.एस. तिवारी, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय बिलासपुर ने कहा मनुष्य के व्यक्तित्व के निर्माण के लिए उत्तम तथा लक्ष्य पूर्ण शिक्षा प्राप्त होना जरूरी है। खेल भी शिक्षा का ही एक अंग है। कहावत प्रसिद्ध है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क होता है। विशिष्ट अतिथि आनंद मिश्रा, सदस्य प्रबंध मंडल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने कहा नियमित रूप से कोई खेल खेलने से चित्र प्रसन्न , शरीर स्वस्थ और फुर्तीला रहता है। खेलों से शारीरिक अंगों का ठीक से विकास होता है। मन में उल्लास और उत्साह रहने से मनुष्य को जीवन में प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त होती है। विशिष्ट अतिथि डॉ. जी.के. श्रीवास्तव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने कहा प्रगतिशील और आधुनिक बनने की होड़ में हम अपने स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। खेल का महत्व हम भूलते जा रहे हैं। अच्छा स्वास्थ्य एवं अच्छी समझ जीवन के दो सर्वोत्तम वरदान हैं। इन दोनों की प्राप्ति के लिए जीवन में खिलाड़ी भावना से खेल खेलना आवश्यक है।

  विशिष्ट अतिथि रामशरण यादव, महापौर नगर पालिक निगम बिलासपुर ने कहा छात्र पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले। जीवन में आगे बढ़े और अपना नाम रोशन करें। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अरुण सिंह चौहान, अध्यक्ष जिला पंचायत बिलासपुर,  प्रमोद नायक, अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक बिलासपुर व अभय नारायण राय, प्रवक्ता प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी संबोधित किया।

खेल प्रतियोगिता के आयोजन में कृषि महाविद्यालय के प्राध्यापक, वैज्ञानिक व कर्मचारियों का सहयोग रहा। खेल प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को निशुल्क फलों का वितरण अनिल सलूजा, अनिल फ्रूट कंपनी, फल सब्जी मार्केट बिलासपुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक अजीत विलियम्स एवं पुरस्कार वितरण समारोह का वैज्ञानिक अजय टेगर ने किया।