जनवरी से जून तक 187155 प्रकरणों में 68875750 रूपए जुर्माना वसूली

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य में ओव्हर लोड वाहनों पर कार्रवाई कर वर्ष 2019 में 15 करोड़ 96 लाख, वर्ष 2020 में 43 करोड़ 43 लाख और वर्ष 2021 में 01 अरब 7 करोड़ रूपए के समझौता शुल्क की वसूली की गई है। वहीं 2021 में 12 हजार 375 सड़क दुर्घटनाएं हुई इसमें 5371 व्यक्तियों की मौत और 10 हजार 683 व्यक्ति घायल हुए। इस साल 2022 के प्रथम छह माह में 6981 सड़क दुर्घटनाओं में 3053 व्यक्तियों की मौत हुई वहीं 6441 व्यक्ति घायल हुए हैं।

 परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक हुई। इसमें उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम सहित यातायात को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास पर जोर दिया। परिवहन मंत्री अकबर ने लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने और इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। ।
  
परिवहन मंत्री अकबर ने सड़क सुरक्षा तथा दुर्घटना पर नियंत्रण के लिए ओव्हर लोडिंग, अत्यधिक गति, नशे की हालात और बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। इसके लिए पुलिस तथा परिवहन विभाग को विशेष अभियान चलाए जाने के भी निर्देश दिए। वाहनों की सघन जांच और तेज गति को नियंत्रित करने के लिए स्पीड गवर्नर लगाने की दिशा में कार्रवाई करने, नशापान और सड़क पर स्टंट करके वाहन चलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया। 

ब्लैक स्पॉट का करें चिन्हांकन

परिवहन मंत्री अकबर ने इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात के लिए वाहन चालकों के प्रशिक्षण पर भी विशेष जोर दिया। ब्लैक स्पॉट के चिन्हांकन कर तत्परता से सुधार की कार्रवाई, दुर्घटना के शिकार लोगों के त्वरित उपचार हेतु व्यवस्था, राज्य में ट्रांमा सेंटर की स्थिति, पाठ्यपुस्तकों में यातायात शिक्षा सामग्री का समावेश और यातायात के नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई, यातायात नियमों के पालन आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने राज्य में जरूरत के मुताबिक सर्विस सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने, ग्रामीण सड़कों के मुख्य मार्ग में शामिल होने वाले जक्शन से अतिक्रमण हटाने सहित मार्गों में संकेतक और चेतावनी संबंधी बोर्ड को लगाए जाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। रायपुर से बिलासपुर हाइवे मार्ग अंतर्गत धनेली से सिलतरा सर्विस मार्ग के चौड़ीकरण हेतु आवश्यक निर्णय लिया गया।

बढ़ेगी गुड समैरिटन की पुरस्कार राशि

बैठक में सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए ‘‘गुड समैरिटन को पुरस्कृत करने अनुदान योजना’’ के तहत प्रत्येक नेक व्यक्ति को प्रदाय 5 हजार रूपए की राशि में बढ़ोत्तरी करने के संबंध में भी चर्चा की गई। अध्यक्ष अंतर्विभागीय लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा एवं संयुक्त परिवहन आयुक्त संजय शर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया राज्य में ओव्हर लोड वाहनों पर कार्रवाई कर वर्ष 2019 में 15 करोड़ 96 लाख, वर्ष 2020 में 43 करोड़ 43 लाख और वर्ष 2021 में 01 अरब 7 करोड़ रूपए के समझौता शुल्क की वसूली की गई।

सड़क हादसों पर लगाम नहीं

बैठक में बताया गया कि राज्य में वर्ष 2021 में 12 हजार 375 सड़क दुर्घटनाओं में 5371 व्यक्तियों की मृत्यु हुई तथा 10 हजार 683 व्यक्ति घायल हुए। वर्ष 2022 के प्रथम छह माह में 6981 सड़क दुर्घटनाओं में 3053 व्यक्तियों की मृत्यु हुई तथा 6441 व्यक्ति घायल हुए हैं। दुर्घटना मृत्यु में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटना की रोकथाम के लिए विशेष जोर दिया गया और वाहन चालकों के क्षमता विकास के लिए प्रशिक्षण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। इस वर्ष जनवरी से जून तक कुल एक लाख 87 हजार 155 प्रकरणों में चालानी कार्यवाही कर 6 करोड़ 88 लाख 75 हजार 750 रूपए वसूल किए गए।