चचहिया डेम में डूबने से दो छात्रों की मौत
रतनपुर थाना पुलिस का मामला
रतनपुर। अरपा नदी पर बनी लछनपुर एनिकट के पानी में डूबने से दो छात्रों की मौत हो गई। इसमें से एक छात्र की लाश को परिजन पुलिस कस्टडी से बिना पोस्ट मार्टम कराए ही ले गए। जिसे लेकर संशय की स्थिति बनी रही।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की दोपहर बिलासपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद नारियल कोठी निवासी पांच छात्र अपने दोस्त अंकित का जन्मदिन मनाने बाइक से रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलमीटार में अरपा नदी पर बनी लछनपुर एनिकट जिसे चचहिया डेम भी कहते हैं पहुंचे. जहां सभी दोस्त पानी में उतरकर नहाने लगे । इसी दौरान राजा कश्यप गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगा। उसे डूबते देखकर अंकित और आकाश बचाने के लिए गहरे पानी में चले गए। राज को बचाने के चक्कर में अंकित और आकाश भी गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें देखकर किनारे मौजूद नवीन और प्रेम कश्यप ने डूब रहे दोस्तों को बचाने आसपास मौजूद लोगों से गुहार लगाई। जब तब आसपास मौजूद लोग उन्हें बचाने पहुंचते तीनों गहरे में समा गए थे। घटना की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से डूबे छात्रों को पानी से बाहर निकाला गया। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुर में भर्ती कराया गया । जहाँ डाक्टर ने आकाश कश्यप पिता सुरेश कश्यप 17 वर्ष बिलासपुर व अंकित पनिका पिता-पवन पनिका 17 वर्ष बिलासपुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे छात्र राज कश्यप पिता दिनेश कश्यप 15 वर्ष बिलासपुर की हालत उपचार के बाद सामान्य हो गई।
बिना पीएम कराए लाश ले गए परिजन
सीएचसी रतनपुर डॉक्टर ने जांच के बाद दो छात्रों की मौत की पुष्टि कर मेमो रतनपुर थाना भेज कर शव पुलिस के सुपुर्द कर दिया. इधर एक छात्र के परिजन को मौत की खबर पर भरोसा नहीं हुआ और बिना पोस्ट मार्टम कराए ही शव को पुलिस कस्टडी से लेकर चले गए. इसे लेकर देर रात तक संशय की स्थिति बनी रही।


