कृषि महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय युवा दिवस

बिलासपुर । बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर (छ.ग.) में युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद की 159 वीं जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई ।

भारत सरकार द्वारा वर्ष 1984 से 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई थी। राष्ट्रीय युवा दिवस की 25 वीं वर्षगांठ पर कृषि महाविद्यालय बिलासपुर में छात्र-छात्राओं हेतु “देश के वैचारिक और बौद्धिक विकास में स्वामी विवेकानंद की भूमिका” विषय पर भाषण तथा “सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव युवा पीढ़ी की प्रगति में बाधक है” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन आभासी माध्यम गूगल मीट से किया गया ।

मुख्य अतिथि डॉ. जी.के. श्रीवास्तव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने स्वामी विवेकानंद की जीवनी तथा युवाओं के प्रति उनके प्रेरणादायक विचारों पर प्रकाश डाला। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि युवावस्था जीवन काल की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था है। इस अवस्था में उन्हें ऐसे वातावरण में रहना चाहिए जहां ना केवल मानसिक और शारीरिक विकास हो बल्कि वह वातावरण उनका सांसारिक विकास कर उन्नति का मार्ग प्रशस्त कर सके । आज के दिन युवा स्वामी विवेकानंद के जीवन चरित्र का चिंतन मनन कर अपने जीवन में उसे आत्मसात करें। विशिष्ट अतिथि डॉ. पी.के. सांगोड़े, कार्यक्रम समन्वयक, रासेयो, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्त्व को बताते हुए स्वामी जी के विचार के अनुरूप रासेयो के उद्देश्यों को आत्मसात करने हेतु युवाओं से आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. आर.के.एस. तिवारी,अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय बिलासपुर ने कहा कि जीवन में कोई भी कार्य असंभव नहीं है। युवा चाहे तो आसमान की ऊंचाइयों को भी छू सकते हैं। बस आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें अर्जुन की भांति अपने लक्ष्य को भेदने की है, तभी सफलता आपको प्राप्त होगी ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अधिष्ठाता डॉ. तिवारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया । महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं हेतु “देश के वैचारिक और बौद्धिक विकास में स्वामी विवेकानंद की भूमिका” विषय पर भाषण एवं “सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव युवा पीढ़ी की प्रगति में बाधक है” विषय पर वाद -विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया। भाषण प्रतियोगिता में श्वेता बघेल, अंकित दुबे, पंखुड़ी श्रीवास्तव एवं वैदेही देवांगन तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता में अंकित दुबे, वैदेही देवांगन, पंखुड़ी श्रीवास्तव एवं मीना बेहरा ने अपने मत रखें। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित आज के कार्यक्रम का संचालन एवं आभार वैज्ञानिक/कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना अजीत विलियम्स द्वारा व्यक्त किया गया । आयोजन में एन.के.चौरे, ए.के. अवस्थी, एस.के. वर्मा, दिनेश पांडे, अजय टैगर, डी.जे. शर्मा, अर्चना कैरकट्टा एवं संतोष चंद्राकर का महत्वपूर्ण सहयोग रहा ।