00 24 घंटे में आरोप तक पहुंची पुलिस, कोर्ट में पेश कर जेल भेजा। संतराबाड़ी इलाके में बुधवार को युवक की लाश मिली थी
भिलाई। संतराबाड़ी इलाके में हुए कत्ल के आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। युवक का दोस्त ही कातिल निकला। घटनास्थल के आसपास पुलिस की पूछताछ में एक युवक पर शक हुआ। इसे थाने लेकर आया गया, यहीं इसने पूरी सच्चाई पुलिस को बताई। बेहद मामूली-सी बात में आरोपी ने अपने दोस्त की जान ले ली। पुलिस ने सारे सबूत जुटाए और आरोपी कोर्ट में पेश किया गया। अब वह सलाखों के पीछे है। बुधवार की सुबह पुलिस को श्रीशिवम मॉल के पास एक युवक की लाश मिली थी।

0 दोस्त को छोड़कर भागा
पुलिस ने बताया कि लाश मिलने के बाद स्पेशल जांच टीम बनाई गई। मॉल के आसपास पूछताछ में महेंद्र कंडरा नाम के युवक पर पुलिस को शक हुआ। इसे हिरासत में लिया गया। पता चला कि यह दिलीप साहू का दोस्त है। दोनों शाम के वक्त अक्सर एक साथ शराब पिया करते थे। मंगलवार शाम भी दोनों शराब पी रहे थे। शराब लाने की बात पर दोनों का झगड़ा शुरू हो गया। रात हो चुकी थी, गुस्से में आकर महेंद्र ने पास ही पड़ी ईंट दिलीप के सिर पर दे मारी। चोट घातक थी, इसलिए मौके से महेंद्र भाग गया। खून अधिक बहते हुए नशे में दिलीप वहीं पड़ा रहा। सुबह तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई ईंट भी जब्त की है।
0 शराब बनी मौत का कारण
करीब 3 सालों से महेंद्र और दिलीप की दोस्ती थी। इलाके के कुछ लोगों ने पुलिस को महेंद्र के बारे बताया तब पुलिस उस तक पहुंची। महेंद्र ने पुलिस को बताया कि कुछ समय से वो राजिम में जाकर रह रहा था। हाल ही में दुर्ग लौटा था। लगभग हर दिन वो और दिलीप साथ बैठकर शराब पीते थे। शराब ही दोस्त की मौत और अब उसके जेल जाने का कारण बनेगी वो नहीं समझ पाया। लाश मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वॉड से जांच करवाई, बारीकी से पूछताछ करने पर खूनी का सुराग मिला, महेंद्र भिलाई से भागने की तैयारी में था, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।