सड़क दुर्घटना में ग्रामीण की कुचलकर मौत
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
रतनपुर। बच्चों के लिए पटाखे और मिठाई लेकर लौट रहा ग्रामीण तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गया। इससे ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखा गया है।
बेलतरा के बेलपारा में निवासी होरीलाल नेताम गांव में ही किराने की दुकान चलाते थे। बुधवार की शाम वे बच्चों के लिए मिठाई और पटाखे लेने के लिए बेलतरा बाजार गए थे। शाम 6.30 बजे वे अपनी मोपेड क्रमांक सीजी 10 एएच 7571 में घर लौट रहे थे। इंद्रमणी पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 आर 1525 का चालक वाहन को रिवर्स कर रहा था। इसी दौरान होरीलाल उसकी चपेट में आ गया। गंभीर चोंटे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रेलर का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना मृतक के पुत्र संतोष को दी। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी। इसके बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया। गुस्र्वार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज कर पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
