00 तहसीलदार को व्यापार के लिए साड़ी मंगाने की बात, पंचनामा तैयार कर माल जब्त करने के निर्देश

बिलासपुर भाजपा नेताओं की शिकायत पर पेंड्रा में जब्त साड़ियों से भरे ट्रक के मामले में पेंड्रा पुलिस ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता के भाई के खिलाफ धारा 171 ई के तहत जुर्म दर्ज किया है।मंगलवार को निर्वाचन आयोग की ओर से मरवाही चुनाव की घोषणा की थी। इसी दिन शाम को भाजपा नेता विष्णु अग्रवाल ने सत्ताधारी दल की ओर से चुनाव प्रभावित करने कांग्रेस भवन में कई ट्रक सामान लाने की शिकायत की थी।
इस पर तहसीलदार घनश्याम तंवर और उपनिरीक्षक सीपी सोनवानी मौके पर पहुंचे। वहां एक ट्रक खड़ा था। ट्रक के चालक ने पूछताछ में बताया कि वह सूरत से सामान लोड कर पेंड्रा पहुंचा है।

यहां पर वह किसी केसरी का इंतजार कर रहा है। थोड़ी देर बाद मौके पर रजनीश केशरी पहुंचे। उन्होंने तहसीलदार को व्यापार के लिए साड़ी मंगाने की बात कही। उन्होंने कपड़ों का बिल भी प्रस्तुत किया। बिल और माल का मिलान किया। दोनों में अंतर था। इससे टीम को आशंका हुई कि साड़ियों को चुनाव में बांटने के लिए मंगाया गया है।
तहसीलदार ने पुलिस को पंचनामा तैयार कर माल जब्त करने के निर्देश दिए। तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर पेंड्रा पुलिस ने रजनीश केसरी, ट्रक चालक सुनील कुमार, शिकायतकर्ता विष्णु अग्रवाल का बयान दर्ज कर धारा 171 ई के तहत निधिश केसरी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। आरोपित निधिश कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मनीष केसरी का भाई है।
