जांच अभियान में पहली बार पुलिस की भी मदद
बलौदा बाजार। खोवा और खोवा से बनी मिठाइयों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। इसके अलावा ऐसे खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच के लिए सड़क मार्ग से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जाएगी। पहली बार इस काम के लिए विभाग ने पुलिस बल की मदद लेने की तैयारी मुकम्मल कर ली है।
रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस यानी मिठाइयों के लिए सुनहरा अवसर। कोरोना संक्रमण के दौर में बीते डेढ़ साल से नुकसान पर चल रही मिठाई दुकानें इस बरस, बीते साल हुए नुकसान की भरपाई की कोशिश में लग चुकीं हैं। अवसर करीब आ चुका है। लिहाजा इस बार स्वीट कॉनरों में जोर-शोर से तैयारी चालू हो चुकी है लेकिन जरा भी लापरवाही या गलती भारी पड़ सकती है क्योंकि खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने इस बार जांच कार्रवाई में कुछ विशेष बदलाव किए हैं।
पहली बार सड़क परिवहन पर नजर
कोरोना काल में रेल सेवाएं जारी तो हैं लेकिन कड़ी शर्तों के साथ टिकट जारी हो रहे हैं। पार्सल बुकिंग प्रक्रिया में अतिरिक्त सावधानी देखकर ऐसे कारोबारी सड़क मार्ग से मिलावटी या अमानक मिठाइयों का परिवहन कर सकते हैं। इस आशंका को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सड़क मार्ग पर विशेष नजर रखने की योजना बना ली है।
पुलिस बल की भी मदद
खाद्य एवं औषधि प्रशासन इस बार जिले के हर शहर, कस्बे में स्वीट कॉर्नर और होटलों की जांच के लिए पुलिस बल के साथ पहुंचेगा। लाइसेंस, पंजीयन नंबर के अलावा बिल बुक के बगैर कारोबार होता पाए जाने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने पहले ही संबंधित कारोबारियों को इसकी सूचना भेजते हुए निर्देशित किया है कि सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही कारोबार का संचालन करें।
इस पर कड़ी नजर
रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस पर बनने और विक्रय की जाने वाली खोवा और इससे बनी मिठाइयों की जांच बेहद कड़ी रहेगी। मध्य प्रदेश से आने वाले खोवा पर विशेष फोकस रहेगा और दीगर मिठाइयों की जांच में छोटी-बड़ी गलती मिली तो संबंधित संस्थान को लेने के देने पड़ सकते हैं। इसी तरह नमकीन और मसाला की भी जांच की योजना तैयार हो चुकी है।
सड़क मार्ग से परिवहन की जाने वाली मिठाइयों सहित खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच पर विशेष नजर रखी जा रही है। संबंधित कारोबारियों को सूचित कर दिया गया है कि जरूरी दस्तावेज के साथ व्यापार करें, अन्यथा विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
- उमेश वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, बलौदा बाजार



