बेमेतरा। देर रात चोरी की तुरंत सूचना देने पहुंचना फरियादी को भारी पड़ गया। नींद में खलल पड़ने पर गुस्साए नशे में धुत पुलिस कर्मियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. घटना का तीखा विरोध कर ग्रामीणों ने चौकी का घेराव किया। इसके बाद हरकत में आए पुलिस प्रशासन ने आरोप पुलिस कर्मियों को अटैच कर मामले की जांच का दिया है।
बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी कण्डरका के ग्राम बोरसी निवासी रति राम साहु के घर और दुकान में रविवार की देर रात चोरी हो गई। वह अपने बेटे उमेश साहू के साथ घटना की सूचना देने तुरंत रात 1बजे पुलिस चौकी कण्डरका पहुंचा। रति राम का आरोप है कि थाने में मौजूद सभी पुलिस कर्मी शराब के नशे में थे । चोरी की रिपोर्ट लिखने की बात कहने पर पुलिस कर्मियों ने अभद्रता कर उनकी और उनके बेटे की पिटाई कर दी।
घटना की जानकारी सोमवार की सुबह होने पर गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस चौकी कडंरका का घेराव कर दिया। इसकी सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चौकी पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया ग्रामीणों की शिकायत के बाद आरोपी पुलिस कर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है । मामले की जांच कर जो भी कर्मी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।

