बिलासपुर। चावल न्यूनतम 70 से 75 रुपए किलो। अधिकतम 130 से 150 रुपए किलो। बारीक चावल में बोली जा रही यह कीमत आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है क्योंकि देश स्तर पर बारीक धान की फसल बेहद कमजोर बताई जा रही है।

देश स्तर पर बारीक चावल में मांग का दबाव बढ़ने लगा है। दीपावली की मांग भी अपने स्तर पर मजबूत हो चली है। ऐसे में बारीक चावल उत्पादन करने वाली चावल मिलों के बीच धान में प्रतिस्पर्धी खरीदी निकली हुई है। इसलिए महंगा हो चला है। असर चावल की बढ़ती कीमत के रूप में देखा जा रहा है।

कमजोर है फसल

दक्षिण भारत के चुनिंदा राज्यों में बारीक धान की व्यावसायिक खेती होती है लेकिन इस बार मौसम की बेरुखी ने तैयार होती फसल को बेतरह नुकसान पहुंचाया है। फलस्वरुप चावल उत्पादन करने वाली इकाईयों की मांग के अनुरूप बारीक धान की उपलब्धता नहीं है। यह तब, जब चावल में मांग का दबाव बना हुआ है। ऐसी स्थिति में चावल की कीमतों में तेजी की उम्मीद बनी हुई है। तेजी का यह दौर, लंबी अवधि तक बने रहने की धारणा है क्योंकि त्यौहार की मांग अपने स्तर पर बनी हुई है।

धान में प्रतिस्पर्धी खरीदी

प्रदेश की कृषि उपज मंडियों में बारीक धान की नई फसल की आवक होने लगी है लेकिन कम मानी जा रही है यह आवक। ऐसे में प्रतिस्परी खरीदी के बीच एचएमटी 3800 से4000 रुपए क्विंटल पर पहुंच गया है, तो सियाराम में सौदे 5200 से 5500 रुपए क्विंटल पर हो रहे हैं। जबकि 7000 रुपए क्विंटल जैसी कीमत के साथ विष्णुभोग बारीक धान की प्रजातियों में सबसे आगे है।

उबल रहा चावल

देश स्तर पर बारीक चावल में जैसी मांग निकली हुई है उसके बाद एचएमटी चावल 70 से 75 रुपए किलो, खंडा 40 से 50 रुपए किलो पर पहुंच गया है। सियाराम चावल में प्रति किलो भाव 85 से 90 रुपए किलो पर पहुंचने के बाद इसका खंडा 45 से 60 रुपए किलो पर जा पहुंचा है। मजबूत है विष्णुभोग चावल 130 से 150 रुपए किलो पर इसका खंडा 45 से 60 रुपए किलो पर पहुंचने के बाद आगे और तेजी का संकेत दे रहा है।

बेहद गर्म यह दोनों भी

कम ही उपयोग में आता है सरना लेकिन मध्य और निम्न आय वर्ग का उपभोक्ता इसकी खरीदी के लिए विवश है। इसलिए सरना चावल में प्रति किलो भाव 38 से 40 रुपए पर बोली जाने लगी है। महामाया धान में पोहा मिलों की मांग निकली हुई है। स्टॉकिस्टों की डिमांड अपने स्तर पर मजबूत है इसलिए इसमें 2800 से 2850 रुपए क्विंटल पर सौदे हो रहें हैं। पोहा 4400 से 4800 रुपए क्विंटल पर मजबूत है।