बिलासपुर। श्री अद्वैत परमहंस सेवा समिति एवं जनकल्याण संस्थान, बेलगहना के नेतृत्व में 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर संत शिवानंद की सुरक्षा बढ़ाने और हाल ही में हुई पथराव की घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है । इसमें उनकी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि 22 नवंबर 2026 की रात्रि लगभग 11:30 बजे श्री सिद्ध बाबा आश्रम, सोनसाय, नवागांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय बेलगहना चौकी क्षेत्र में पुलिस एस्कॉर्ट एवं काफिले के साथ चल रहे स्वामी शिवानंद की गाड़ी पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पथराव किया गया। धार्मिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में संलग्न संत के काफिले पर पथराव की घटना पर श्रद्धालुओं ने गहरी चिंता जताई है। उल्लेखनीय है कि 7 नवंबर 2026 की रात्रि लगभग 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति चेहरे पर कपड़ा बांधकर बेलगहना आश्रम परिसर में संदिग्ध रूप से प्रवेश कर स्वामी शिवानंद के निजी कक्ष तक पहुंच गया। इस संबंध में 10 नवंबर को पुलिस थाना में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। उसकी गतिविधियां आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी दर्ज हैं। 15 दिनों के अंतराल में सुरक्षा से जुड़ी दो गंभीर घटनाओं का सामने आना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक है। श्रद्धालुओं ने घटनाओं को गंभीर बताते हुए प्रशासन से समय रहते ठोस कदम उठाने की मांग की है। श्रद्धालुओं ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि काफिले पर हुए हमले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
स्वामी शिवानंद अध्यात्म, जनकल्याण, स्वास्थ्य सेवा एवं सनातन परंपरा के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। बेलगहना आश्रम से 36 अन्य आश्रमों एवं शाखाओं का संचालन किया जाता है, जो छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, जम्मू-कश्मीर सहित देश के विभिन्न राज्यों के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित हैं। छत्तीसगढ़ के अधिकांश आश्रम वनांचल क्षेत्रों में स्थापित हैं। इन आश्रमों के माध्यम से विगत 70 वर्षों से निरंतर जनकल्याणकारी एवं धार्मिक सेवा कार्य संचालित हो रहे हैं।