थ्रेशर, हार्वेस्टर ने छिने पारंपरिक कृषि उपकरणों के काम

सतीश अग्रवाल

बिलासपुर। अब कलारी, बलियारी और काठा की बाॅय-बाॅय। पैरा से बनी डोरियां तो काफी पहले से चलन से बाहर हो चुकीं हैं। सूने हैं खलिहान।

अनिवार्य था खलिहानों में कलारी और बलियारी का होना। अंत में जरूरत होती थी उस ‘काठा’ की जो कृषि उपज की माप के काम आता था। ‌ अब यह सभी चलन से बाहर हो चुके हैं क्योंकि कृषि मशीनीकरण ने इनकी जरूरत खत्म कर दी है।

खेत से खलिहान तक

पैरा से बनी डोरियां। हाथों से बुना जाता था। कटाई के बाद इसकी मदद से फसल बांधी जाती थी। खरही बनाने में भी मजबूत सहारा थी पैरा डोरी। काम खत्म होता था मिसाई के बाद। अब इसकी जगह ले ली है क्लॉथ बेल्ट ने लेकिन यह भी विदाई की तैयारी में है क्योंकि हार्वेस्टर ने इसकी जरूरत भी पूरी तरह खत्म कर दी है।

अब दीवारों पर

‘कलारी’। अनिवार्य था हर खलिहान में इसका होना। काम था खरही से गिराई गई फसल को खलिहान में गोलाई में फैलाना। मिसाई के बाद फसल अवशेष यानी पैरा को तैयार ऊपज से अलग करने के काम आने वाला कलारी अब खेती के परिदृश्य से पूरी तरह बाहर हो चुका है क्योंकि थ्रेशर और हार्वेस्टर, फसल अवशेष और उपज को एक साथ अलग कर देते हैं। इसलिए अब यह खलिहानों में नहीं, दीवारों पर नजर आने लगे हैं।

बलियारी की बाॅय-बाॅय

मूल नाम है ‘अतिबला’ लेकिन पहचाना जाता है ‘बलियारी’ के नाम से। मेड़ों में उगने वाली यह झाड़ी खलिहानों की सफाई बखूबी से करती थी लेकिन अब इसने भी खलिहानों को बाॅय-बाॅय कर दिया है क्योंकि बलियारी की भी जरूरत खत्म कर दी है थ्रेशर और हार्वेस्टर ने। उपयोग क्षेत्र अब सिर्फ आंगन और घर के सामने वाले हिस्से ही रह गए हैं। यह भी ज्यादा दिन तक साथ नहीं देंगे।

‘काठा’ ने भी कहा टाटा

‘काठा’। अटूट विश्वास था इस वजन मापक पर। कांटा- बाट की जगह काठा से ही कृषि उपज की माप की जाती थी। लोहार, ग्वाले और नाईयों को सालाना भुगतान कृषि उपज के रूप में काठा में ही माप कर दिया जाता था। इलेक्ट्रॉनिक वेईंग मशीन और काउंटर वेइंग मशीनों के आ जाने के बाद अब चलन से पूरी तरह बाहर हो चुका है काठा।

मशीनीकरण ने बदली खेती की संस्कृति

कलारी, बलियारी और काठा केवल खेती के उपकरण नहीं थे, बल्कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कृषि संस्कृति, स्थानीय ज्ञान और ग्रामीण जीवनशैली के अभिन्न अंग थे। इनका लुप्त होना कृषि के मशीनीकरण और बदलते ग्रामीण परिवेश का संकेत है। आधुनिक तकनीक ने श्रम और समय की बचत की है, लेकिन इसके साथ हमारी कृषि विरासत और पारंपरिक कौशल भी धीरे-धीरे विलुप्त हो रहे हैं। आवश्यकता है कि नई पीढ़ी को इन पारंपरिक कृषि उपकरणों और उनसे जुड़ी लोक-संस्कृति से परिचित कराया जाए, ताकि विकास के साथ हमारी कृषि विरासत भी संरक्षित रह सके।

अजीत विलियम्स, साइंटिस्ट (फॉरेस्ट्री), बीटीसी कॉलेज ऑफ़ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन, बिलासपुर