भाटापारा। एक मुश्त दस प्रतिशत महंगे हो गए तारीख वाले कैलेंडर। इसके बावजूद उपभोक्ता मांग में कोई कमी नहीं लेकिन बड़ा बदलाव यह कि पंचांग की ही तरह कैंलेंडर में भी कई नाम आ चुका है।

हर हाथ में मोबाईल और मोबाईल पर ही कैलेंडर की सुविधा लेकिन भरोसा अब भी बना हुआ है दीवारों पर टांगें जाने वाले कागज के कैलेंडर पर। खरीदी को लेकर जो रुझान इस बरस बन रहा है, उसे देखकर स्टेशनरी दुकानें अतिरिक्त आर्डर दे रहीं हैं।

इसलिए महंगा

क्वालिटी पेपर, स्याही, छपाई और कुशल श्रमिकों की मजदूरी। इसके अलावा परिवहन दरों में हर साल इजाफा हो रहा है।असर अब कैलेंडर निर्माण पर भी पड़ रहा है। ऐसे में कैलेंडर बनाने एवं बनवाने वालों को दरें बढ़ानीं पड़ीं। इसके अलावा कुछ नए विषय भी जोड़े गए।इन सब पर जो व्यय हुआ उसके बाद तारीख वाले कैलेंडर अब 70 से 75 रुपए में पहुंचने के लिए तैयार हैं।

लौट रहा भरोसा

हर हाथ में मोबाइल, हर मोबाइल में कैलेंडर लेकिन देखने के लिए कुछ समय लगता है जबकि कैलेंडर के लिए ऐसा कुछ भी नहीं। इसलिए अब सूनी दीवारों पर फिर से नजर आने लगे हैं तारीख वाले कैलेंडर। घरों में ही नहीं, व्यापारिक संस्थानों के लिए जैसी मांग निकल रही है उसे देखते हुए विक्रेता संस्थानें दोबारा ऑर्डर बुक करवा रहीं हैं ताकि समय पर मांग पूरी की जा सके।

इनके हैं चर्चे

तारीख वाले कैलेंडर के बाजार में देव पंचांग कैलेंडर, श्री ठाकुर कैलेंडर, लाला रामस्वरूप, भुवन विजय, कालनिर्णय, विश्व विजय और छत्तीसगढ़ पंचांग कैलेंडर पहले से ही स्थापित नाम हैं।

बेहतर है मांग

कैलेंडर निर्माण के लिए जरूरी सामग्रियों की कीमतें बढ़ने की वजह से कैलेंडर की कीमतों में 10% की तेजी आई है। इसके बावजूद खरीदी को देखते हुए बेहतर बाजार की आशा है।
-बबलू श्रीवास, सुपर बुक डिपो, भाटापारा