निर्यात की राह खुली, खतरे में चार दशक का दबदबा
बिलासपुर। संकट में है छत्तीसगढ़ का चरोटा। बीते चार दशक से अंतरराष्ट्रीय बाजार में एकछत्र राज कर रहे छत्तीसगढ़ को करारा झटका दिया है नाइजीरिया ने, जिसकी उपज की खरीदी को उपभोक्ता देशों ने प्राथमिकता देनी चालू कर दी है।
मौसम की मार से उबरने की कोशिश कर रहे छत्तीसगढ़ के वनोपज बाजार के लिए किसी तेज झटके से कम नहीं है चरोटा के अंतरराष्ट्रीय बाजार में नाइजीरिया का प्रवेश। चिंता इसलिए भी गहरी है क्योंकि उपभोक्ता देश, नाइजीरिया के चरोटा की खरीदी को पहली प्राथमिकता दे रहे हैं।
निर्यात शुरू लेकिन…
3 बरस की प्रतीक्षा के बाद अब जाकर निर्यात की मंजूरी मिली लेकिन शुरुआत में ही नाइजीरिया के चरोटा की खरीदी को लेकर उपभोक्ता देश ताइवान, जापान और मलेशिया ने जैसा रुझान दिखाया उससे हतप्रभ हो चला है छत्तीसगढ़ का चरोटा। निर्यात सौदों में बढ़ती मात्रा ने चिंता को और भी बढ़ा दिया है। बेहतर भविष्य की धारणा नहीं है, इस सोच के बाद अब भंडारित उपज की ओर ध्यान दे रहा है छत्तीसगढ़ का चरोटा बाजार।
हताश कर रही नई फसल
पौधों की बढ़वार जोरदार। पुष्पन और फलन भी उत्साह बढ़ाने वाली थी लेकिन परिपक्वता अवधि के दौरान मौसम ने जो रूप बदला उससे हताश होता नजर आ रहा है चरोटा बाजार क्योंकि अब फलियों के फटने जैसे दृश्य देखे जाएंगे। दाने काले होंगे। संग्रहण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा क्योंकि संग्राहक पहले धान की फसल की ओर ध्यान देंगे। बाद की अवधि में चरोटा की ओर। यह स्थिति गुणवत्ता पर गहरा असर डालेगी।

ऐसे हैं प्रति क्विटल भाव
उपभोक्ता देशों की मांग नाइजीरिया के चरोटा में। प्रतिकूल मौसम की मार सहता छत्तीसगढ़। इन दोनों स्थितियों के बीच वनोंपज बाजार में बीते सत्र की फसल 2400 से 2500 रुपए क्विंटल पर स्थिर है। भविष्य तेजी सूचक नहीं मानकर चल रहा छत्तीसगढ़ का वनोपज बाजार इस भाव को भी स्वीकार कर रहा है। फिर भी अपेक्षित मांग नहीं है चरोटा में।
प्रयास कर रहे
चरोटा के अंतरराष्ट्रीय बाजार में नाइजीरिया का प्रवेश और प्रतिकूल मौसम के बीच उपभोक्ता देशों से व्यापारिक गतिविधियों में छत्तीसगढ़ के चरोटा को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
-सुभाष अग्रवाल, एस पी इंडस्ट्रीज, रायपुर