बिलासपुर। खेतों में ही कटाई,मिसाई और उड़ाई।सब कुछ एक साथ, एक ही समय में। कृषि के क्षेत्र में बढ़ते मशीनों के उपयोग के बाद अब सूने हो चले हैं खलिहान।
किसान व्यस्त हैं खेतों में।खाली हैं खलिहान। बीते पांच सालों में आया यह बदलाव इस बरस कुछ ज्यादा ही विस्तार लेता नजर आ रहा है क्योंकि तेजी से कुशल श्रम कम हो रहा है। अनुपात में कृषि उपकरणों में भी व्यापक बदलाव और विस्तार हुआ है। इसलिए प्रासंगिकता खो रहे हैं खलिहान।

दौरी से लेकर हार्वेस्टर तक
कटी हुई फसल के लिए पहले खलिहान तैयार किए जाते थे। खरही बनाई जाती थी। फिर मिसाई होती थी घरेलू मवेशियों की मदद से। इसे ‘दौरी’ कहा जाता था। समय बदला, उपयोग में लाया जाने लगा ‘बेलन’। कुछ साल और बीते। आया दौर ट्रैक्टर का फिर आया थ्रेशर। इसे भी खलिहानों में भरपूर जगह मिली। अब दौर है हार्वेस्टर का। जिसकी मदद से खेतों में ही कटाई, मिसाई और उड़ाई एक साथ, एक ही समय में की जाने लगी है।

अब यह भी नहीं
मिसाई के बाद उड़ाई। सूपा की जगह हाथों से चलाए जाने वाला उड़ावनी पंखा और कुछ बरस बाद ट्रैक्टर और बिजली से चलने वाले उड़ावनी पंखे नजर आने लगे खलिहानों में। थ्रेशर और हार्वेस्टर ने इनकी जरूरत भी खत्म कर दी खलिहानों में क्योंकि खेतों में ही कटाई, मिसाई और उड़ाई जैसे श्रम साध्य काम खेतों में ही आसान कर दिए हैं। सूने हो चले हैं खलिहान।

खाली हैं खलिहान
फसल कटाई से लेकर तैयार उपज तक के सभी कार्यों के दौरान खलिहान गुलजार रहा करते थे। अब एक अजीब सा सूनापन छाया हुआ है खलिहानों में क्योंकि कटाई से लेकर भराई तक के सारे काम मशीनों की मदद से खेतों में ही होने लगे हैं। रबी फसल में भी यह सन्नाटा छाया रहेगा क्योंकि उनमें भी रिपर, थ्रेशर और हार्वेस्टर ने अपनी उपस्थिति बेहद मजबूत कर ली है।

मशीनीकरण से सिमटते खलिहान
कृषि में मशीनीकरण ने समय, श्रम और लागत की बचत के साथ फसल कटाई एवं गहाई की प्रक्रिया को अधिक तेज और सुविधाजनक बना दिया है। हार्वेस्टर एवं आधुनिक कृषि यंत्रों के बढ़ते उपयोग से पारंपरिक खलिहानों की उपयोगिता निश्चित रूप से कम हुई है। हालांकि, यह कृषि के आधुनिकीकरण का संकेत है, लेकिन इसके साथ पारंपरिक कृषि संस्कृति और ग्रामीण सामुदायिक जीवन से जुड़ी खलिहान की परंपरा भी धीरे-धीरे विलुप्त हो रही है।
अजीत विलियम्स, साइंटिस्ट (फॉरेस्ट्री), बीटीसी कॉलेज ऑफ़ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन, बिलासपुर