पांच रुपए की तेजी
बिलासपुर। 16- 17 नहीं अब 20 से 22 रुपए में मिलेंगे ओल्ड जूट बैग। शॉर्टेज की आशंका के बीच प्लास्टिक की बोरियों में भी 2 रुपए की तेजी आ चुकी है।
पुराने बारदानों में बाजार अब उठते क्रम पर है लेकिन खुदरा बाजार इसलिए परेशान होता नजर आ रहा है क्योंकि होलसेल मार्केट ने सप्लाई शॉर्ट करनी चालू कर दी है। इधर मौसम खुलने के बाद अब फसल कटाई जोर पकड़ने लगी है। ऐसे में किसानों की भी मांग पुराने बारदानों में पहुंचने लगी है।
अंतरजिला मांग में इजाफा
बलौदा बाजार जिले से पुराने बारदानों की आपूर्ति मुंगेली, बेमेतरा, दुर्ग, कोरबा और सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले को होती है। इन सभी जिलों की मांग में लगभग दो गुना इजाफा होता नजर आ रहा है। ऐसे में पुराने बारदाने के थोक बाजार ने बिक्री को लेकर इन सभी जिलों को प्राथमिकता में रखा हुआ है। तेजी के पीछे एक बड़ी वजह इसे भी माना जा रहा है। इसके अलावा स्थानीय मांग भी निकली हुई है।

बन रही शॉर्टेज की स्थिति
अंतरजिला मांग को मिल रही प्राथमिकता के बाद स्थानीय खुदरा बाजार में शॉर्टेज की स्थिति बनती नजर आ रही है। यह स्थिति पूरे दिसंबर माह तक बनी रहने की धारणा है क्योंकि बारदानों को लेकर सरकारी नीतियों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। इसके अलावा विलंब से तैयार होने वाली प्रजातियों में सरना की कटाई अभी मध्य चरण में है। इनके लिए भी किसानों की मांग ने दस्तक दे दी है।

आने लगी तेजी
एक पखवाड़े पूर्व तक ओल्ड जूट बैग 16 से 17 रुपए प्रति नग पर था। शॉर्ट सप्लाई के बाद अब यह 20 से 22 रुपए पर पहुंच गया है। इसी तरह प्लास्टिक की खाली बोरियों में नई कीमत अब 7 रुपए नग पर जा पहुंची है। तेजी के पूर्व तक यह 5 रुपए नग पर स्थिर था। दबाव में यह इसलिए नजर आ रहा है क्योंकि जूट की बोरियों की तुलना में बोली जा रही कीमत खरीद क्षमता के भीतर ही है।