बलौदा बाजार। विक्रेता संस्थानें ध्यान दें। खाद्य एवं अखाद्य सामग्रियों के भंडारण और प्रदर्शन के बीच मानक दूरी रखनी होगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन इसके लिए पहली बार विशेष जांच अभियान की तैयारी कर रहा है।
त्यौहार और पर्व शुरू हो चुके हैं। सीजन की शुरुआत को देखते हुए खाद्य सामग्रियों का बाजार विशेष रूप से तैयार हो रहा है। अनुपात में होलसेल और रिटेल मार्केट में लापरवाही भी बढ़ रही है। विशेष तौर पर भंडारण और प्रदर्शन के दौरान यह कुछ ज्यादा ही नजर आ रही है।। इसलिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन प्रभावी अंकुश के लिए विशेष जांच की तैयारी कर रहा है।
रखना है अलग लेकिन…
माचिस, डिटर्जेंट पाउडर, और सोप, बाथ सोप, टूथपेस्ट, शेविंग क्रीम, कॉस्मेटिक प्रोडक्ट, एंटीसेप्टिक लिक्विड, एंटीसेप्टिक क्रीम, नैप्थलीन बॉल, मॉस्किटो मैट्स, मॉस्किटो कॉइल, मॉस्किटो स्टिक्स, टॉर्च और रिमोट की बैटरियों के अलावा चूहे एवं चींटी से बचाव की दवाओं का भंडारण और प्रदर्शन ऊपर से नीचे के क्रम में खाद्य सामग्रियों से मानक दूरी में किया जाना है लेकिन संस्थानें नियम के पालन को लेकर गंभीर नहीं है।
इसलिए विशेष जांच
खाद्य एवं अखाद्य वस्तुओं के भंडारण और प्रदर्शन में बढ़ती जा रही लापरवाही का सबसे गंभीर परिणाम खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता के कमजोर अथवा खराब होने के रूप में आना संभव है। इसके अलावा हेड कैप, मास्क और ग्लव्स की अनदेखी भी सामग्रियों की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है इसलिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने इसके लिए जांच अभियान की योजना बनाई है।

पूरे जिले में होगी जांच
खाद्य एवं अखाद्य सामग्रियों के बीच मानक दूरी नहीं रखने की शिकायतों के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने अब शहरों, कस्बों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों की भी जांच करने की ठानी है क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र से भी इसी तरह के शिकायतें मिलने लगीं हैं। जांच के दौरान ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों के रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस की भी जानकारी ली जाएगी।
मानक दूरी अनिवार्य
एडिबल और नॉन एडिबल प्रोडक्ट के बीच निर्धारित मानक दूरी के नियमों का पालन अनिवार्य है लेकिन फौरी जांच में अधिकांश संस्थानों में पालन को लेकर गंभीरता नजर नहीं आई। इसलिए विशेष जांच की तैयारी है।
-अक्षय सोनी, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, बलौदा बाजार