कछार में रासेयो के सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ
बिलासपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल मंत्र ‘स्वयं से पहले आप’ हमें निःस्वार्थ सेवा का संदेश देता है। शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करेगा। यह बात मुख्य अतिथि डॉ. एन.के. चौरे ने कही ।
बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर (छ.ग.) की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम रामनगर कछार, विकासखंड बिल्हा, जिला बिलासपुर में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम अधिकारी अजीत विलियम्स ने कहा राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का माध्यम है। यह शिविर स्वयंसेवकों को ग्रामीण जीवन की वास्तविकताओं से जोड़ते हुए उन्हें समाज के प्रति संवेदनशील बनाएगा।

दल प्रभारी बालिका) ईशा पटेल ने कहा शिविर हमारे लिए सीखने, सेवा करने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का एक सुनहरा अवसर है। हम सभी स्वयंसेवक पूरे समर्पण के साथ ग्राम विकास में योगदान देंगे। स्वयंसेवक समीक्षा कुशवाहा ने कहा कि शिविर से हमें केवल सामाजिक कार्यों का अनुभव मिलेगा। सामूहिक कार्य, नेतृत्व क्षमता और व्यवहारिक ज्ञान भी विकसित होगा, जो हमारे भविष्य के लिए उपयोगी होगा।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय टेगर ने कहा युवाओं की ऊर्जा यदि सही दिशा में लगाई जाए, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। राष्ट्रीय सेवा योजना इसी दिशा में एक सशक्त मंच प्रदान करती है। डॉ. आर.के.एस. तोमर ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान में योगदान देना ही राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य है। यह शिविर विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करेगा। विशिष्ट अतिथि श्रीमती काजल भोई ने कहा स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी से गांव में जागरूकता और विकास की नई दिशा स्थापित होगी। आप सभी समाज के लिए प्रेरणा बनें।

कार्यक्रम अधिकारी अजीत विलियम्स के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने ग्राम रामनगर कछार का भ्रमण कर वहां की मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया तथा प्रमुख समस्याओं को चिन्हित किया, जिन पर शिविर के दौरान कार्य किया जाएगा। दल प्रभारी गौतम कुमार कुम्हार ने आभार व्यक्त किया।
