खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई

ग्राम खोखली स्थित अन्नपूर्णा ट्रेडर्स दाल मिल की जांच

8 लाख रुपए मूल्य की 316 बोरी उड़द दाल जब्त

भाटापारा। संदेह उड़द की दाल में रंग की मिलावट की। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ना केवल सैंपल लिया बल्कि लगभग 8 लाख रुपए मूल्य की उड़द दाल भी जब्त कर ली है। सख्त तेवरों के बीच हुई कार्रवाई के बाद दलहन मिलों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

दलहन में नई फसल की आवक शुरू हो गई है। तैयार उत्पादन में भंडारण और सीजन की मांग भी चालू हो चुकी है। ऐसे में दलहन मिलों में काम काज तेजी से हो रहा है लेकिन एक बार फिर से मिलावट का खेल चालू हो चुका है। नजर तो काफी दिनों से थी। मौका 17 फरवरी को मिला। पुख्ता सूचना के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने ग्राम खोखली की अन्नपूर्णा ट्रेडर्स में दबिश दी, जिसमें शिकायत सही मिली।ड्रम में मिला काला रंग

ड्रम में मिला काला रंग

ग्राम खोखली में अन्नपूर्णा ट्रेडर्स की दाल मिल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या महिलांग की टीम ने दबिश दी। निरीक्षण में ड्रम में काला रंग पाया गया। इसके बाद तैयार दाल की सूक्ष्म जांच की गई। जांच टीम को स्थितियां संदेहास्पद लगीं। लिहाजा मिल संचालक से पूछताछ की गई। जवाब संतोषजनक नहीं मिले। इसलिए जांच सख्त करनी पड़ी।316 बोरी दाल जब्त

316 बोरी दाल जब्त

उड़द की दाल में काला रंग की मिलावट की शंका के आधार पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने रंग व 316 बोरी उड़द की दाल जिसका मूल्य लगभग 8 लाख रुपए है। जब्त कर लिया है। तैयार उड़द दाल के सैंपल लिए जाकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा जा रहा है। परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद मामला न्यायालय में पेश किया  जाएगा।

मचा हड़कंप

जिस अंदाज में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच की कार्रवाई की है, उसके बाद पूरे जिले में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है क्योंकि शहर में उत्पादित दलहन का कारोबार न केवल प्रदेश बल्कि अन्य प्रदेश तक फैला हुआ है। ऐसे में यह कार्रवाई एक बार फिर से साबित कर रही है कि मिलावट का खेल पुनः जोर पकड़ रहा है।

परीक्षण रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

ग्राम खोखली स्थित अन्नपूर्णा ट्रेडर्स दाल मिल की जांच में ड्रम में काला रंग पाया गया है। इसलिए संदेह के आधार पर रंग और 316 बोरी उड़द की दाल जब्त की गई है। सैंपल, खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। परीक्षण रिपोर्ट उपरांत विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

  • अक्षय सोनी, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, बलौदा बाजार