नियंत्रित तापमान में करता है निर्जलीकरण
बिलासपुर। अब सोलर टनल ड्रायर में सुखाया जाएगा महुआ। जशपुर में प्रदेश की पहली यूनिट की स्थापना के बाद महुआ संग्राहकों, भंडारकर्ताओं एवं महुआ नेक्टर, च्यवनप्राश, लड्डू और कुकीज़ जैसे पारंपरिक उत्पाद बनाने वालों की वर्षा, धूल और कीट प्रकोप जैसी चिंता दूर की जा सकेगी क्योंकि यह ड्रायर नियंत्रित तापमान में महुआ का निर्जलीकरण करता है।
पारंपरिक तरीके से खुले में महुआ सुखाने में लगभग एक सप्ताह का समय लगता है। मानक धूप और मानक नमी में उतार-चढ़ाव जैसी स्थितियां महुआ में कीट व्याधियों को बुलावा देतीं हैं। इससे महुआ की गुणवत्ता खराब हो जाती है। परिणाम कम कीमत में महुआ का विक्रय जैसी समस्या से महुआ संग्राहकों को दो-चार होना पड़ता है। समान रूप से यही परेशानी भंडारकर्ताओं के साथ महुआ से खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों के सामने भी बनी हुई है। अब यह सभी परेशानी दूर की जा सकेगी सोलर टनल ड्रायर से।
मानक तापमान, मानक नमी
बनी रहेगी प्राकृतिक गुणवत्ता और सुगंध। बरकरार रहेगा पोषण मूल्य। यह इसलिए क्योंकि सोलर टनल ड्रायर महुआ को सुखाने के लिए आदर्श तापमान देता है और 8 से 10% सुरक्षित नमी बनाने में मदद करता है। इसके अलावा महज दो से तीन दिन में यह ड्रायर महुआ को सूखा देता है जबकि पारंपरिक विधि से सूखने पर 5 से 7 दिन लगते थे। इसी अवधि में धूल, कीट और फफूंद जैसी व्याधियों का सामना करते रहे हैं संग्राहक और भंडारकर्ता।

होगा यह लाभ
मानक तापमान में सुखाए गए महुआ में नमी भी मानक मात्रा में होगी। इससे पोषण मूल्य एक समान बना रहेगा। शर्करा कैरोमेलाइन नहीं होगी। रंग और सुगंध सुरक्षित रहेगी। कीट व्याधि की आशंका से मुक्त यह महुआ न केवल ग्रामीण और वनवासी समुदाय की आय में निश्चित वृद्धि करेगा बल्कि गुणवत्ता युक्त यह महुआ उच्चतम कीमत भी देगा। बड़ा लाभ यह होगा कि इसे महिलाएं आसानी से संचालित कर सकतीं हैं।
जानिए सोलर टनल ड्रायर को
सोलर टनल ड्रायर एक लंबी अर्ध गोलाकार संरचना होती है। पारदर्शी यू व्ही स्टेबल पालीशीट से ढंकी होती है। सौर विकिरण को अंदर फंसाकर ग्रीनहाउस बनाती है। इससे संबंधित उत्पाद नियंत्रित तापमान और वायु प्रवाह में सूखते हैं। संरचना में मुख्य घटक पाइप और बांस से बने ढांचे होते हैं। अर्ध गोलाकार टनल की मानक लंबाई 10 से 30 मीटर तक होती है। इसमें कवरिंग के लिए लगी स्टेबल पारदर्शी पॉलीथिन शीट, सौर ऊर्जा का भीतर प्रवेश आसान बनाती है। फूड ग्रेन प्लास्टिक की ट्रे जमीन से 1 मीटर ऊपर लगी होती है ताकि हवा का प्रवाह चारों ओर से समान बना रहे। बताते चलें कि यह ट्रे काली सतह वाली होती है ताकि ऊष्मा अवशोषण आसानी से हो सके। वायु प्रवाह तंत्र सामान बना रहने की वजह से सोलर टनल ड्रायर के भीतर का तापमान 45 से 60 डिग्री सेल्सियस बना रहता है। आवश्यकता के अनुसार इसे नियंत्रित किया जा सकता है।

महुआ मूल्य संवर्धन की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम
महुआ जैसे संवेदनशील वनोपज के लिए सोलर टनल ड्रायर अत्यंत उपयोगी तकनीक है। यह न केवल नियंत्रित तापमान और नमी में महुआ को सुरक्षित रूप से सुखाता है, बल्कि उसकी प्राकृतिक सुगंध, रंग और पोषण गुणों को भी बनाए रखता है। इससे महुआ की गुणवत्ता सुधरती है और संग्राहकों, विशेषकर ग्रामीण एवं वनवासी महिलाओं की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। यह तकनीक महुआ आधारित मूल्यवर्धित उत्पादों को बाजार में बेहतर पहचान और उचित मूल्य दिलाने में सहायक सिद्ध होगी।
अजीत विलियम्स, साइंटिस्ट (फॉरेस्ट्री), बीटीसी कॉलेज ऑफ़ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन, बिलासपुर
