बिलासपुर। महाशिवरात्रि के लिए तैयार हो रहे फूल बाजार को बेल पत्तियों के लिए इस बार खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसे में कमजोर उपलब्धता की आशंका बलवती हो चली है।
महाशिवरात्रि 15 फरवरी को। हलचल बढ़ने लगी है फूल बाजार में। उत्पादक क्षेत्र से संपर्क साध रहे हैं फूल कारोबारी लेकिन बेल पत्तियों के लिए उत्पादक क्षेत्र ज्यादा आर्डर नहीं ले रहे हैं क्योंकि पतझड़ का मौसम दस्तक दे चुका है। इसलिए उपलब्धता में 30 से 40 फ़ीसदी की गिरावट की आशंका बनती नजर आ रही है।

इसलिए तेजी बेल पत्तियों में
पतझड़ के मौसम ने दस्तक दे दी है। बेल के पेड़ों में लगी पत्तियां गिरने लगीं हैं। जो शुरुआती अवस्था में हैं, उन पर भी मौसम अपना प्रभाव दिख रहा है। ऐसे में फूल बाजार को ऊंची कीमत में सौदे करने पड़ रहे हैं। आशंका 2 से 5 रुपए प्रति बेल पत्तियों की खरीदी पर देने होंगे शिव भक्तों को। बढ़ सकती है यह कीमत क्योंकि शिवरात्रि पर इसमें ही सबसे ज्यादा मांग रहती है।

आंशिक वृद्धि की धारणा इनमें भी
आंक के फूल और धतूरा फल। यह दोनों भी अनिवार्य माने जाते हैं शिव पूजन के लिए। फूल बाजार इन दोनों के लिए भी अग्रिम सौदे कर रहा है लेकिन शॉर्ट सप्लाई जैसी स्थिति इनमें भी देखी जा रही है क्योंकि आबादी क्षेत्र का विस्तार इनके पौधों को खत्म कर रहा है। इसलिए आंक के फूलों का एक गुच्छा 10 रुपए और धतूरा फल की प्रति नग की खरीदी 5 से 10 रुपए में करनी होगी।

शांत हैं गेंदा और गुलाब
फूलों में गेंदा की प्रति किलो कीमत 80 से 100 रुपए पर स्थिर है। जबकि गुलाब 20 से 40 रुपए स्टिक की दर पर मिल जा रहा है। कनेर और गुड़हल के फूलों में भरपूर उपलब्धता देखकर मांग को देखते हुए दर तय कर रहा है फूल बाजार। फूलों की दीगर प्रजातियों में मांग और कीमत सामान्य बनी हुई है।
