ग्राम कोड़ापार सेमरिया में चल रहा निर्माण
भाटापारा। ग्राम कोड़ापार सेमरिया में निर्माणाधीन नवीन उप मंडी की 80 शॉप में से 40 शॉप अपने सदस्यों के लिए आरक्षित करने की मांग कृषक अभिकर्ता कल्याण संघ ने की है। शॉप की दरों में रियायत देने का आग्रह भी किया है।
आकार लेने लगी है नवीन कृषि उप मंडी ग्राम कोड़ापार सेमरिया में। तय समय पर निर्माण पूरा करने की कोशिशों के बीच मंडी प्रशासन ने योजना के अनुसार प्रांगण के भीतर और बाहरी हिस्सों में बन रही शॉप की नीलामी प्रक्रिया चालू कर दी है। लेकिन प्रति शॉप की जो कीमत बोली जा रही है उसे ज्यादा मानते हुए कृषक अभिकर्ता कल्याण संघ ने रियायत का आग्रह किया है।
किया यह निवेदन
राज्य मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक को लिखे आग्रह पत्र में कृषक अभिकर्ता कल्याण संघ ने कहा है कि नवीन उप मंडी प्रांगण में हमें कार्यालय-सह-दुकान की आवश्यकता है। जिसमें प्रसाधन की भी सुविधा होनी चाहिए। पत्र में संघ ने प्रति अभिकर्ता के लिए 20 × 30 आकार वाली दुकान सह कार्यालय की जरूरत बताई है। बन रही 80 शॉप में से 40 शॉप अभिकर्ताओं के लिए आरक्षित करने के साथ लागत मूल्य में विशेष रियायत का आग्रह संघ ने किया है।
चाहिए सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी
शहर से दूर। देर शाम तक होने वाले कार्य के दौरान सुरक्ष अहम है। इसलिए संघ ने कम से कम दो पुलिस चौकी की स्थापना की प्रस्ताव मंडी बोर्ड के सामने रखा है। मंडी सचिव से हुई मौखिक चर्चा में सकारात्मक संकेत मिले हैं। मिली जानकारी के अनुसार मंडी प्रशासन पहले ही इस अहम बिंदु पर मुख्यालय का ध्यान आकृष्ट करवा चुका है।
बन रहे 160 शॉप
ग्राम कोडापार सेमरिया में बन रहे नवीन उप मंडी में 160 नग शॉप की भी सुविधा मिलेगी। इसमें 80 शॉप बाहर और 80 शॉप प्रांगण में होंगे। प्रांगण के बाहर की दुकान की साइज 27 वर्ग मीटर तय की गई है। निर्माण लागत प्रति दुकान 8 लाख 32 हजार 626 रुपए होगी। जबकि प्रांगण के भीतर प्रति दुकान का आकार 18 वर्ग मीटर और निर्माण लागत 3 लाख 7 हजार 944 रुपए होगी। बताते चलें कि बाहर की शॉप आम कारोबारियों के लिए होंगीं और भीतर के शॉप पंजीकृत व्यापारी एवं अभिकर्ताओं के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।
प्रयास करेंगे
अभिकर्ताओं का पत्र मुख्यालय भेजा गया है। दिशा निर्देश मिलने पर काम के प्रयास किए जाएंगे।
-सी.एल.ध्रुव, सचिव, कृषि उपज मंडी, भाटापारा