रतनपुर। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने बीती रात शीतल जायसवाल को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने लवकुश कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। शहर में अब दोनों के बीच कड़ा मुकाबला होने के आसार नजर आ रहे हैं। हालांकि कि कांग्रेस और भाजपा से बागियों के भी मैदान में आने की खबरें हैं। ऐसे में मुकाबला अब सचमुच रोचक नजर आएंगा।
नगरपालिका परिषद रतनपुर चुनाव के लिए सरगर्मियां तेज हो गई है। नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार को खत्म हो जाएगी। भारतीय जनता पार्टी ने शहर के सभी तेरह वार्डों के लिए अपने प्रत्याशी घोषित कर दिया। वहीं सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस ने भी बीती रात अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए शीतल जायसवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस में अध्यक्ष पद चार प्रमुख दावेदार थे। भारतीय जनता पार्टी ने लवकुश कश्यप को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। इससे नाराज निर्वतमान नपा उपाध्यक्ष व पूर्व मंडल अध्यक्ष कन्हैया यादव ने बगावत के स्वर बुलंद कर दिया है। बागी होकर चुनाव लड़ने अपने कार्यकर्ताओं से चर्चा करने की बात कही है। हालांकि अभी मान-मनौव्वल का दौर भी चल ही रहा है। कड़ी टक्कर में सुरक्षित निकले लवकुश को घर के साथ सब को खुश करने कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी। वहीं कांग्रेस में भी बगावत के आसार दिख रहे हैं। शहर में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पूर्व पार्षद जितेन्द्र कश्यप ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में आशीष गहलोत के भी नाम की चर्चा है। कांग्रेस के बागियों के नाम सामने आने के बाद मुकाबला रोचक नजर आएगा।
