पांच दिवसीय दीक्षारंभ प्रेरण कार्यक्रम का चौथा दिन

बिलासपुर । तनाव एक द्वंद्व है, जो मन एवं भावनाओं में गहरी दरार पैदा करता है। तनाव अन्य अनेक मनोविकारों का प्रवेश द्वार है। उससे मन अशांत, भावना अस्थिर एवं शरीर अस्वस्थता का अनुभव करता हैं। ऐसी स्थिति में हमारी कार्य क्षमता प्रभावित होती है। शारीरिक एवं मानसिक विकास यात्रा में व्यवधान आता है। यह बात  वरिष्ठ मनोचिकित्सक आशुतोष तिवारी राज्य मानसिक चिकित्सालय सेंदरी बिलासपुर ने कही ।बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम 2024 -25 के चौथे दिन के प्रथम तकनीकी सत्र में कार्य क्षेत्र में तनाव प्रबंधन विषय पर व्याख्यान हुए।
डॉ तिवारी ने बताया ज्यादा तनाव लेने के कारण व्यक्ति को डिप्रेशन, पैनिक अटैक और स्लीपिंग डिसऑर्डर जैसी समस्याएं हो सकती है। इसका पर्सनालिटी पर भी असर पड़ता है। आत्मविश्वास कम होने लगता है। कई बीमारियों के शिकार होकर गलत लत में पड़ जाते हैं। युवाओं में यह समस्या होती है।तनाव कम करने भरपूर नींद ले, दूसरों से जुड़े, स्वस्थ भोजन, नियमित रूप से व्यायाम करें, समाचारों का अनुसरण करने का समय सीमित रखें।
वैज्ञानिक डॉ. प्रमेंद्र कुमार केसरी ने कहा कि जैव उर्वरक मिट्टी की बनावट और पौधों की उपज में सुधार करते हैं। वे रोगाणुओं को पनपने नहीं देते। जैव उर्वरक पर्यावरण के अनुकूल एवं लागत प्रभावी होते हैं । पर्यावरण को प्रदूषकों से बचाते हैं क्योंकि वे प्राकृतिक उर्वरक है।

द्वितीय तकनीकी सत्र में प्रगतिशील कृषक श्रीकांत गोवर्धन ने कहा जितनी सृष्टि भूमि के ऊपर है उतनी ही भूमि के नीचे भी है। कैसी भी कठिन परिस्थिति हो अपने मन में कभी भी निराश ना लाये। हमेशा कुछ अच्छा करने की सोचे। आपकी सोच एक नए आविष्कार का रूप ले सकती है। जैविक खेती कृषि की एक ऐसी विधि है जो फसल उगाने और पशुधन पालने के प्राकृतिक प्रक्रियाओं पर निर्भर करती है। खेती के इस तरीके में सिंथेटिक उर्वरकों, कीटनाशकों और अनुवांशिक रूप से संशोधित जीवो का उपयोग नहीं किया जाता है। इसकी बजाय जैविक किसान मिट्टी के स्वास्थ्य को बनाए रखने और स्वस्थ पौधों की वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए फसल चक्र, खाद बनाने और प्राकृतिक कीट नियंत्रण जैसी तकनीकों का उपयोग करते हैं।
योग शिक्षक डॉ.के.के.श्रीवास्तव योग एक ऐसी क्रिया है, जो न सिर्फ मनुष्य को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में मदद करती है, बल्कि आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करने में भी सहायक होती है। योग कर कोई भी व्यक्ति पूर्ण रूप से निरोगी रह सकता है एवं सफल, स्वस्थ और शांतिपूर्ण तरीके से अपने जीवन का निर्वहन कर सकता है। नियमित रोग करने के कई फायदे हैं। इसलिए अब विश्व भर में योग को खास महत्व दिया जा रहा है।


नितिन नायडू ने कहा ध्यान मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। ध्यान करने से हम अपने मन- मस्तिष्क को शांति और स्थिरता प्रदान करते हैं। इससे स्ट्रेस कम होता है, और सोचने की क्षमता बढ़ती है। यह हमें अपने जीवन में ज्यादा सकारात्मक, रचनात्मक और सुखमय दृष्टिकोण देता है। नव प्रवेशित छात्र- छात्राओं को विभिन्न विभागों के प्रयोगशालाओं का भ्रमण कर जानकारी दी गई। इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ.आर.के.एस. तिवारी सहित प्राध्यापक व विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।