छात्र- छात्राओं का नई शिक्षा नीति के तहत पांच दिवसीय दीक्षारंभ समारोह

बिलासपुर। दीक्षारंभ छात्र प्रेरण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय में नव प्रवेशित छात्रों को नए परिवेश में सहज महसूस कराने, संस्थान की विशिष्ट प्रकृति, संस्कृति को सिखाने, अन्य छात्रों और संकाय सदस्यों के साथ एक संबंध बनाने, व्यापक उद्देश्य व स्वयं की खोज की भावना से परिचित कराना है। यह बात अधिष्ठाता डॉ.आर.के.एस. तिवारी ने कही।

बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र बिलासपुर में स्नातक “प्रथम वर्ष के नव प्रवेशित” छात्र-छात्राओं का नई शिक्षा नीति-2020 के तहत पांच दिवसीय दीक्षारंभ समारोह 2024-25 आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि प्रोफेसर बलदेव भाई शर्मा, कुलपति, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर ने  ऑनलाइन हाइब्रिड मोड पर की। 

प्रथम दिवस आयोजित तकनीकी सत्र का शुभारंभ करते हुए डॉ.अजय टेगर अकादमिक प्रभारी ने नई शिक्षा नीति के अंतर्गत नव प्रवेशित छात्र – छात्राओं को बीएससी (कृषि) ऑनर्स चार वर्षीय पाठ्यक्रम की अकादमिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। डॉ. एन.के.चौरे, प्रमुख वैज्ञानिको एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ के समन्वयक ने परीक्षा प्रणाली एवं रैगिंग के दुष्परिणाम एवं स्वस्थ शैक्षणिक माहौल बनाने हेतु छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया। डॉ. टी.डी.पांडे ग्रंथालय प्रभारी ने सस्य विज्ञान विषय की संभावनाएं तथा महाविद्यालय के ग्रंथालय में उपलब्ध सुविधाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। डॉ.एस.एल.स्वामी, प्राध्यापक प्लेसमेंट प्रभारी ने विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में रोजगार के अवसर एवं संभावनाओं के बारे में बताया। डॉ.आर.के.एस. तोमर ने कीट विज्ञान विषय के संभावनाओं से अवगत कराया। डॉ. गीत शर्मा वरिष्ठ छात्रावास अधीक्षक ने छात्रावास सुविधा तथा छात्रावास के नियमों की जानकारी नव प्रवेशित विद्यार्थियों को दी।
कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक (वानिकी) अजीत विलियम्स ने किया। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक और नव प्रवेशित छात्र- छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।