गाजर घास उन्मूलन जागरूकता सप्ताह का आयोजन

बिलासपुर। गाजर घास मानव एवं अन्य जीवो के स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि पर्यावरण को भी आघात पहुंचा रहा है। इसके स्पर्श मात्र से ही खुजली, एलर्जी और चर्म रोग जैसी गंभीर बीमारियां पैदा हो रही है। एक शाकीय पौधा है जो किसी भी वातावरण में तेजी से उगकर मानव एवं प्रकृति के सभी जीवो के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। इसके उन्मूलन हेतु गंभीर प्रयास करने होंगे। यह बात मुख्य अतिथि अधिष्ठाता डॉ. आर.के.एस. तिवारी ने कही ।

ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर ने गाजर घास उन्मूलन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ तिवारी बताया गाजर घास खरपतवार में ऐस्क्युटरपिन लेक्टोन नामक विषाक्त पदार्थ पाया जाता है, जो फसलों की अंकुरण क्षमता और विकास पर विपरीत असर डालता है। इसके परागकण, पर- परागित फसलों के मादा जनन अंगों में एकत्रित हो जाते हैं जिससे उनकी संवेदनशीलता खत्म हो जाती है,और बीज नहीं बन पाते है। दलहनी फसलों में नाइट्रोजन स्थिरीकरण करने वाले जीवाणुओं की क्रियाशीलता को भी कम करता है।

प्राध्यापक डॉ. टी.डी. पांडेय ने बताया गाजर यह घास 1955 में अमेरिका से भारी मात्रा में गेहूं के आयात से भारत को सौगात के रूप में मिली है। इसे कांग्रेस घास, सफेद टोपी, चटक चांदनी आदि नामों से भी पहचाना जाता है। नमी मिलने पर वर्ष भर यह फल-फूल सकती है. वर्षा ऋतु में इसका अधिक अंकुरण होने पर यह तेजी से बढ़ता है। यह तीन चार महीने में अपना जीवन चक्र पूरा कर लेती है। 1 वर्ष में इसकी तीन चार पीढ़ियां पूरी हो जाती है।

प्राध्यापक डॉ. आर.के. शुक्ला ने गाजर घास के जैविक नियंत्रण के लिए मैक्सिकन कीट जाईगोग्रामा बाईकोलोराटा को वृहद स्तर पर छोड़ने की अनुशंसा की। डॉ.शुक्ला ने बताया इसके एक पौधे से 25,000 तक बीज उत्पन्न हो जाते हैं। हर तरह से घातक गाजर घास खाद्यान्न फसल, उद्यान और सब्जियों में भी अपना स्थान बना रहा है। जैव विविधता एवं पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है।

वैज्ञानिक डॉ. दिनेश कुमार पांडेय ने बताया गाजर घास को फूल आने से पहले ही जड़ से उखाड़ कर खत्म कर देना चाहिए। उखाड़ने से पहले हाथों में दस्ताने अवश्य पहने। नियंत्रण का दूसरा तरीका रासायनिक खरपतवार नाशक ग्लूफोसिनेट अमोनियम 5 मिलीलीटर प्रति लीटर पानी में, 2,4 – डी 2 मिलीलीटर 1 लीटर पानी में या 20 प्रतिशत साधारण नमक का घोल के छिड़काव करने से नष्ट हो जाता है। कार्यक्रम में प्रक्षेत्र में उग रहे गाजर घास को उखाड़ कर समूल उन्मूलन की शपथ ली। इस मौके पर प्राध्यापक, वैज्ञानिक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।