शहीदों को याद कर दी श्रद्धांजलि
बिलासपुर। आज का दिन भारत के इतिहास में देश के वीरों की शौर्य गाथा और साहस की कहानी याद दिलाता है। कारगिल विजय दिवस भारत के इतिहास की महत्वपूर्ण घटना है। ऑपरेशन विजय की सफलता का प्रतीक है। यह बात अधिष्ठाता डॉ. आर.के.एस. तिवारी ने कही।
कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रीय सेवा योजना की बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र, बिलासपुर इकाई ने कार्यक्रम आयोजित किया। अधिष्ठाता डॉ तिवारी ने कहा कारगिल युद्ध के दौरान वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी ताकि पूरा देश चैन की नींद सो सके। उनकी बहादुरी,साहस और जुनून की कहानी जीवन से बड़ी है। आज हम सभी उनको नमन करते हैं। कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अधिष्ठाता डॉ. तिवारी ने इस अवसर पर सभी जनों को पंच प्रण की शपथ दिलाई । पंच प्रण में शामिल प्रतिज्ञाओं में देशप्रेम, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता पर जोर दिया गया। आज का आयोजन छात्र-छात्राओं के मन में देशभक्ति और राष्ट्रीय कर्तव्य की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से किया गया था। इस अवसर पर प्राध्यापक, वैज्ञानिक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।