कृषि महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया 75 वां गणतंत्र दिवस
बिलासपुर। आजादी के बाद हम भारतवासियों ने बेशुमार उपलब्धियां हासिल की है, आज उन्हीं उपलब्धियो का जश्न और उत्सव मनाने का दिन है। देश को आजाद करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान बनाने वाले महापुरुषों को भी नमन करना चाहिए। हम और हमारा देश, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का सदैव ऋणी रहेगा जिन्होंने संविधान निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह बात अधिष्ठाता डॉ. आर.के.एस. तिवारी ने गणतंत्र दिवस समारोह में कही।
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में 75 वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। अधिष्ठाता डॉ. तिवारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर राष्ट्रध्वज फहराया, परेड की सलामी ली। इस मौके पर डॉ. तिवारी ने कहा जो आजादी हमें मिली है, इसके लिए सभी धर्म, समूह, वर्गों ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से कुर्बानी दी हैं । हम गणतंत्र के महत्व को समझें। आज हम हर क्षेत्र चाहे वह विज्ञान, प्रौद्योगिकी, रक्षा, शिक्षा हो, खाद्यान्न उत्पादन का या नवीन तकनीकी का हो सब में निरंतर प्रगति कर रहे हैं। आज का दिन संकल्प का दिन है, जिसके लिए सभी को संकल्पित होकर देश के विकास का मार्ग प्रशस्त करना होगा। देश में हरित क्रांति लाकर हम सबको भोजन देने में सफल हुए हैं, श्वेत क्रांति के द्वारा दुग्ध उत्पादन में आगे आए हैं, पीली क्रांति के द्वारा खाद्य तेल उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल की, वही नील क्रांति के जरिए मत्स्य उत्पादन में आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। सोच और कार्य हर क्षेत्र में सकारात्मक हो ऐसी सोच और जज्बा जनचेतना जागृत कर हमें देश के नागरिकों में लाना होगा।

मानसी चंद्राकर, शुभांगी शर्मा, पी. दीपिका, शांति साव, चंचल गावडे ने भाष, आकृति चंद्राकर, निकेश जायसवाल, आकृति केसरवानी, दृष्टि सिकरवार, आंचल गुप्ता व अन्य छात्र-छात्राओं ने देश भक्ति से ओतप्रोत प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक व खेलकूद प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।

एनसीसी कैडेट्स को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक अजीत विलियम्स व आभार लेफ्टिनेंट रोशन परिहार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्राध्यापक, वैज्ञानिक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।